​बरोट-मियोट मार्ग पर दिन में सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग, चार गांवों के ग्रामीणों में रोष

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट (जोगिंदर नगर)

लोक निर्माण विभाग उपमंडल झटींगरी के तहत आने वाले बरोट-मियोट सड़क मार्ग पर सुबह और दोपहर के समय सरकारी बस चलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। मियोट, झरवाड़, खलैहल और छोटी झरवाड़ गांवों के निवासियों ने प्रदेश सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) से इस मार्ग पर नियमित बस सेवा उपलब्ध कराने की पुरजोर अपील की है।

​जानकारी के अनुसार, जोगिंदर नगर डिपो से सुबह 7:25 बजे चलने वाली बस वाया थल्टूखोड़ होकर सुबह 10:30 बजे बरोट पहुंचती है और दोपहर लगभग 12:30 बजे वापस जोगिंदर नगर के लिए रवाना होती है। इस बीच यह बस करीब डेढ़ से दो घंटे मुल्थान में खड़ी रहती है। यदि इस बस को बरोट-मियोट मार्ग पर भेजा जाए, तो चार गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों को आवाजाही की बेहतर सुविधा मिल सकती है।

​इसी तरह, जोगिंदर नगर डिपो से सुबह 11:00 बजे चलने वाली बस दोपहर 1:30 बजे बरोट पहुंचती है और लगभग डेढ़ घंटा बरोट में ही खड़ी रहती है। ग्रामीणों का सुझाव है कि इस बस को भी दोपहर के समय बरोट-मियोट रूट पर चलाया जाए, जिससे स्थानीय लोगों को दोपहर में भी सरकारी परिवहन का लाभ मिल सके।

​स्थानीय निवासियों प्रेम सिंह, सुखराम, राजकुमार, रामलाल, देशराज, रामचंद, बलदेव, सुनील कुमार और रागी राम ने बताया कि वर्तमान में इस रूट पर मंडी डिपो की केवल एक निजी बस सेवा उपलब्ध है, जो शाम को मियोट पहुंचती है और रात्रि ठहराव के बाद सुबह 6:15 बजे मंडी के लिए रवाना होती है। इसके बाद पूरे दिन इस मार्ग पर कोई भी बस नहीं चलती, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

खलैहल पंचायत के प्रधान सुभाष चंद ठाकुर और उप-प्रधान भागमल ठाकुर ने ग्रामीणों की इस मांग का पूर्ण समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पंचायत के चारों गांवों के लोग दैनिक कार्यों के लिए अक्सर बरोट आते-जाते हैं, लेकिन दिनभर बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण उन्हें निजी वाहनों या पैदल सफर करने को मजबूर होना पड़ता है। पंचायत प्रतिनिधियों ने हिमाचल सरकार और एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि बरोट में व्यर्थ खड़ी रहने वाली बसों का रूट बढ़ाकर बरोट-मियोट मार्ग पर किया जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *