सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
एनएचपीसी के पार्बती-III पावर स्टेशन ने कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व एवं संधारणीय विकास (CSR & SD) के तहत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
पावर स्टेशन द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ब्लड सेंटर को 23 लाख रुपये की लागत वाली एक ब्लड ट्रांसपोर्ट एम्बुलेंस (बोलेरो कैंपर) उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में 27 अगस्त 2026 को पार्बती-III पावर स्टेशन के प्रशासनिक भवन, बिहाली में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
पावर स्टेशन प्रमुख सुधीर कुमार की उपस्थिति में पार्बती-III पावर स्टेशन की ओर से समूह वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन) जी.टी.एस. राजू तथा ब्लड सेंटर, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की ओर से डॉ. हीरा लाल बोध ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर महाप्रबंधक (सिविल) प्रवीण कुमार और महाप्रबंधक (यांत्रिक) रंजीत कुमार भी उपस्थित रहे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिला कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन एवं गंभीर चिकित्सा परिस्थितियों के दौरान रक्त और रक्त घटकों के सुरक्षित, समयबद्ध एवं प्रभावी परिवहन की सुविधा को मजबूत करना है। नई एंबुलेंस उपलब्ध होने से जरूरतमंद मरीजों तक जीवनरक्षक रक्त पहुंचाने की व्यवस्था को गति मिलेगी।
ब्लड सेंटर, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के अधिकारियों ने एनएचपीसी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूती मिलेगी। विशेष रूप से आपातकालीन चिकित्सा परिस्थितियों में रक्त की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने में यह सुविधा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पार्बती-III पावर स्टेशन की यह पहल एनएचपीसी की सामाजिक जिम्मेदारी और स्थानीय समुदाय के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे जिला कुल्लू सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।











