कुल्लू में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार: 8.381 ग्राम चिट्टा और 502 ग्राम चरस बरामद, 6 आरोपी गिरफ्त
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू/भून्तर/मनाली/बंजार
जिला कुल्लू में पुलिस और डिटेक्शन सेल की टीमों ने नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। विभिन्न स्थानों पर की गई नाकेबंदी, गश्त और गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 8.381 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 502 ग्राम चरस बरामद की है। इन मामलों में शामिल कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित थानों में मामला दर्ज कर लिया गया है।
झीड़ी में बस चैकिंग के दौरान 3.24 ग्राम चिट्टा बरामद
28 अगस्त 2026 को जिला डिटेक्शन सेल कुल्लू की टीम ने झीड़ी बन्ना, एनएच बाईपास के पास नाकाबंदी के दौरान एक बस की तलाशी ली। चैकिंग के दौरान कांगड़ा के सेरा निवासी 29 वर्षीय युवक के कब्जे से 3.24 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना भून्तर में धारा 21 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गदौरी में चिट्टा खरीदने और बेचने वाले दोनों सलाखों के पीछे
31 अगस्त 2026 को 112 हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर भून्तर पुलिस ने गदौरी गुरुद्वारा के पास स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए 32 वर्षीय युवक (निवासी करेरी, कुल्लू) को हिरासत में लिया। उसके पास से 1 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह चिट्टा गदौरी निवासी एक युवक से ₹1,000 में खरीदा था। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बेचने वाले को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके घर से बिक्री के ₹1,000 बरामद किए। दोनों के खिलाफ धारा 21 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अलेऊ में किराये के कमरे से 3.910 ग्राम चिट्टा पकड़ा
1 सितंबर 2026 को मनाली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलेऊ स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। वहां किराये पर रह रहे मंडी जिले के 28 वर्षीय युवक के कमरे से 3.910 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर मनाली थाना में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 21 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
ढोरू नाके पर टैक्सी से 502 ग्राम चरस बरामद
1 सितंबर 2026 को ही बंजार पुलिस की डिटेक्शन सेल टीम ने ढोरू के पास गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक संदेहास्पद टैक्सी को रोका। तलाशी लेने पर ड्राइवर सीट के नीचे रखे बैग से 502 ग्राम चरस बरामद हुई। टैक्सी चालक, जो कि बहादुरपुर (जींद, हरियाणा) का 34 वर्षीय निवासी है, को गिरफ्तार कर बंजार थाने में मामला दर्ज किया गया।
बड़ा भूईन फोरलेन पर बोलेरो चालक से 1.21 ग्राम चिट्टा जब्त
भून्तर पुलिस टीम ने 1 सितंबर 2026 को बड़ा भूईन स्थित कैफे के पास फोरलेन पर खड़ी बोलेरो मैक्स जीप के चालक (29 वर्ष, निवासी धारा, मंडी) को घबराकर पारदर्शी पॉलीथीन फेंकते देखा। पुलिस ने पॉलीथीन कब्जे में लेकर जांच की तो उसमें 1.21 ग्राम चिट्टा निकला। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर धारा 21मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।











