सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
नेपाल में 26 अगस्त 2026 को आई प्रलयकारी बाढ़ से हुई भारी तबाही और जनहानि के बाद राहत एवं पुनर्वास के लिए प्रवासी साझा मंच ने सहायता अभियान चलाया। अभियान में कुल्लू, मंडी, लाहौल सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। इस अभियान के तहत कुल 14 लाख रुपये की सहायता राशि एकत्रित की गई है, जिसे नेपाल के प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा करवाया जाएगा।
अभियान में कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने नेपाल की आपदा पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। वहीं कुल्लू की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था सूत्रधार कला संगम ने भी मानवीय पहल में सहभागी बनते हुए 21 हजार रुपये का सहयोग दिया।
राहत राशि को नेपाल के प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा करवाने के लिए प्रवासी साझा मंच के अध्यक्ष सी.पी. शर्मा और उनके सहयोगी बुधवार को देवभूमि कुल्लू से काठमांडू के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर सी.पी. शर्मा ने राहत अभियान में सहयोग करने वाले कुल्लू, मंडी, लाहौल और अन्य क्षेत्रों के सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में लोगों ने जिस संवेदनशीलता और मानवीय भावना का परिचय दिया है, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने के लिए चलाया गया यह अभियान मानवता, सामाजिक एकजुटता और भाईचारे का प्रतीक है। नेपाल बाढ़ पीड़ितों की मदद को कुल्लू-मंडी-लाहौल से जुटाए 14 लाख रुपये🥹प्रवासी साझा मंच ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं, सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों का धन्यवाद किया।











