सुरभि न्यूज़
रविंदर चंदेल, बिलासपुर
गोविंद सागर झील में आयोजित किए जा रहे ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ का बुधवार को बिलासपुर के लुहनू ग्राउंड से भव्य एवं विधिवत शुभारंभ हुआ। एम्स बिलासपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. दलजीत सिंह, वीएसएम, एवीएसएम (सेवानिवृत्त) ने नौकाओं को हरी झंडी दिखाकर करीब 330 किलोमीटर लंबे सेलिंग अभियान को रवाना किया।
फ्लैग-ऑफ से पहले एनसीसी कैडेट्स ने मुख्य अतिथि को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अभियान में चार राज्यों से आए करीब 70 एनसीसी कैडेट्स एवं प्रशिक्षक दल शामिल हैं। अभियान के पहले दिन कैडेट्स ने गोविंद सागर झील में करीब 32 किलोमीटर की सेलिंग करते हुए सलनू तक का सफर तय किया।
अभियान की खास उपलब्धि रही कि एक नौका का संचालन पूरी तरह महिला कैडेट्स ने किया। महिला कैडेट्स द्वारा नौका का सफल नेतृत्व महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रेरणादायक उदाहरण बना। एनसीसी के इस प्रयास ने ‘नारी शक्ति’ को आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया।
उद्घाटन के अवसर पर बिलासपुर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 एनसीसी कैडेट्स भी मौजूद रहे। फ्लैग-ऑफ के बाद बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन परिसर में नशामुक्ति, ड्रग्स के दुरुपयोग की रोकथाम और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और इससे बचाव का संदेश दिया। विशेषज्ञों ने कैडेट्स के साथ संवाद करते हुए मानसिक स्वास्थ्य, तनाव से निपटने, आत्महत्या की रोकथाम तथा नशे से होने वाले दुष्प्रभावों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. भूपेंद्र यादव (सेवानिवृत्त), असिस्टेंट प्रोफेसर, एम्स बिलासपुर तथा चाइल्ड साइकोलॉजिस्ट सुश्री शिवरंजनी सिंह ने कैडेट्स के साथ विशेष संवाद किया। कैडेट्स ने विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
नशामुक्ति एवं ड्रग एब्यूज प्रिवेंशन विषय पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। डीएवी बरमाणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
अभियान के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने बताया कि पहले दिन कैडेट्स ने 32 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान कैडेट्स में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, धैर्य, निर्णय लेने की क्षमता और आत्मनिर्भरता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जल अभियान उन्हें प्रकृति के करीब लाने के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने का भी माध्यम है।
कार्यक्रम में डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका वात्स्यायन, डीएसपी मदन लाल, बिलासपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पी.एस. कटवाल, प्रभारी अधिकारी कर्नल रूपेश चंदेल, होमगार्ड कमांडेंट मेजर कौंडल तथा डॉ. अंजनी राणा सहित अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ साहसिक सेलिंग अभियान के साथ-साथ युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन, साहस, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दे रहा है। अभियान के आगामी चरणों में कैडेट्स गोविंद सागर झील में निर्धारित करीब 330 किलोमीटर की दूरी पूरी करेंगे।










