जिला उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बरोट ऊहल नदी में छोड़ा 40 हजार मछली बीज, पर्यटन व शिक्षा सुविधाओं को बढ़ावा देने के दिए निर्देश

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

जिला उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बरोट क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, पर्यटन और मत्स्य पालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

उन्होंने खेलकूद प्रतियोगिता की अध्यक्षता के बाद स्कूल प्रबंधन कमेटी अध्यक्ष पंकज कोतवाल की मांग पर शाम को राजकीय केंद्रीय पाठशाला बरोट का औचक निरीक्षण किया। स्कूल में चल रही समस्याओं को देखकर उन्होंने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

बुधवार को उन्होंने लपास पंचायत स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला का निरीक्षण किया। यहां पूरी तरह क्षतिग्रस्त एक कमरे को देखकर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता को तत्काल पुनर्निर्माण का प्रपोजल तैयार करने के आदेश दिए और धनराशि उपलब्ध करवाने की बात कही।

बरोट से करीब 1 किमी निचे ढरांगण गांव के पास ऊहल नदी में उपायुक्त ने 40 हजार मछली बीज डाले। उन्होंने कहा कि नदियां मछली के बगैर सूनी लगती हैं। बीज बड़े होने पर स्थानीय व बाहरी पर्यटकों को मत्स्य आखेट का भरपूर आनंद मिलेगा, जिससे पर्यटकों की आवाजाही और बढ़ेगी। इस अवसर पर एसडीएम पद्धर सुरजीत सिंह ठाकुर, बीडीओ विनय चौहान, मत्स्य फार्म बरोट के अधिकारी व उनकी टीम तथा स्थानीय लोग मौजूद रहे।

लपास पंचायत के प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने उपायुक्त से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लपास वाटर फॉल का दौरा कर जीर्णोद्धार की जोरदार मांग की। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि वे दूसरी बार वाटर फॉल का दौरा करेंगे और इसके जीर्णोद्धार के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान एसडीएम सुरजीत सिंह ठाकुर, बीडीओ विनय चौहान, जिला परिषद सदस्य रोशन लाल, बीडीसी अध्यक्षा सुनीता ठाकुर, बीडीसी सदस्य मनोहर लाल, लपास पंचायत प्रधान रानी देवी, उपप्रधान देश राज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *