सुरभि न्यूज़
शिमला: 10 सितम्बर
शिमला के बचत भवन में जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। उपायुक्त शिमला एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में यह निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करवाई गई। चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद पीठासीन अधिकारी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला भूपेंद्र और सुरेंद्र रेटका के बीच था। भूपेंद्र को कुल 13 मत प्राप्त हुए, जबकि सुरेंद्र रेटका को 10 मत मिले। चुनाव के दौरान 2 मत अवैध घोषित किए गए। 13 मत हासिल कर भूपेंद्र जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष निर्वाचित हुए।
उपाध्यक्ष पद के लिए भरत सिंह कलांटा और मीनाक्षी चुनाव मैदान में थे। भरत सिंह कलांटा को 14 मत मिले, जबकि मीनाक्षी को 10 मत प्राप्त हुए। इसमें 1 मत अवैध पाया गया। 14 मतों के साथ भरत सिंह कलांटा उपाध्यक्ष चुने गए।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र और उपाध्यक्ष भरत सिंह कलांटा को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में जिला परिषद की भूमिका अहम रहती है और नए नेतृत्व से जिले के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।










