शिमला जिला परिषद अध्यक्ष पद पर भूपेंद्र सिसोदिया और उपाध्यक्ष पद पर भरत कलांटा निर्वाचित, जयराम ठाकुर ने दी बधाई

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

शिमला : 10 सितम्बर

शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह सिसोदिया और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी भरत सिंह कलांटा के निर्वाचित होने पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं।

परिणामों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने इसे लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह तानाशाही और सत्ता के दुरुपयोग के बल पर जनादेश हथियाने की कोशिश करने वालों की करारी हार है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने जिला परिषद चुनाव के जनादेश को प्रभावित करने के लिए तमाम अनैतिक हथकंडे अपनाए, लेकिन उसके सभी प्रयास पूरी तरह नाकाम साबित हुए। सत्ता के दम पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं को चोट पहुँचाने की कोशिशों का जनता के प्रतिनिधियों ने चट्टान की तरह खड़े होकर करारा जवाब दिया है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें इस हार से सबक लेना चाहिए और संविधान, लोकतंत्र तथा जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के बजाय जनभावनाओं का आदर करना ही लोकतंत्र की सच्ची मर्यादा है, और मुख्यमंत्री को इसका पालन करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *