सुरभि न्यूज़
शिमला, 10 सितंबर
हिमाचल प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आम जनता को मिलावट के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग द्वारा पांच ‘मोबाइल फूड टेस्टिंग लैबोरेटरी’ (MFTL) वैन का संचालन किया जा रहा है।
संयुक्त आयुक्त (खाद्य सुरक्षा)-सह-निदेशक, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं विनियमन जितेंद्र सांजटा (IAS) ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वर्तमान में ये मोबाइल वैन शिमला, सोलन, कुल्लू, सिरमौर और बिलासपुर जिलों में कार्यरत हैं। निर्धारित रोस्टर के तहत ये वैन आम जनता, खाद्य कारोबार संचालकों और अन्य हितधारकों को मौके पर ही खाद्य पदार्थों की जांच की सुविधा प्रदान कर रही हैं।
इन मोबाइल लैबोरेटरी में खाद्य सुरक्षा के विभिन्न आधुनिक मानकों की जांच की जा रही है, जिनमें प्रमुख खाद्य तेल की TPC मीटर और एसिड वैल्यू के जरिए गुणवत्ता की जांच। शुगर एवं TSS की रिफ्रैक्टोमीटर से Total Soluble Solids और शर्करा की मात्रा का आंकलन।मिलावट जांच में आयोडीन, स्टार्च तथा पानी की pH-आधारित शुद्धता की जांच की जा रही है।
फील्ड स्तर पर सैंपलिंग और जांच में आई तेजी की जानकारी देते हुए जितेंद्र सांजटा ने बताया कि अब तक कुल 1,579 खाद्य नमूने एकत्रित किए जा चुके हैं। इनमें सिरमौर से 511, सोलन से 520, बिलासपुर से 486 और कुल्लू से 62 नमूने शामिल हैं।
विभाग का मुख्य लक्ष्य “स्वस्थ हिमाचल के लिए सुरक्षित भोजन” सुनिश्चित करना है। MFTL वैन का जिला-वार रोस्टर और शिविरों की समय-सारणी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई गई है।
संयुक्त आयुक्त ने प्रदेशवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। खाद्य सुरक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी अथवा शिकायत के लिए आम जनता FSSAI के हेल्पलाइन नंबर 76499-00015 पर संपर्क कर सकती है।










