हरियाणा दिवस पर रिलीज होगा कैथल गौरव गीत यह शहर है मेरा कैथल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

भिवानी, 14 अक्तूबर

डॉ. तेजिन्द्र की रचना को पूजा राउत और धीरज योगी ने दी आवाज, सोमिका फिल्म्स के बैनर तले हुआ रिकॉर्ड

हरियाणा के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. तेजिन्द्र द्वारा रचित कैथल गौरव गीत ‘यह शहर है मेरा कैथल’ की रिकॉर्डिंग भिवानी स्थित आनन्द कला मंच स्टूडियो में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सोमिका फिल्म्स, भिवानी के बैनर तले तैयार किए गए इस गीत को हरियाणा दिवस के अवसर पर 1 नवंबर 2026 को विधिवत रूप से रिलीज किया जाएगा। गीत की रिकॉर्डिंग गायिका पूजा राउत और धीरज योगी की आवाज में की गई, जबकि इसका निर्देशन वरिष्ठ साहित्यकार एवं फिल्म लेखक आनन्द प्रकाश ‘आर्टिस्ट’ ने किया।

गीतकार डॉ. तेजिन्द्र ने बताया कि उन्हें हरियाणा प्रदेश और विशेष रूप से अपने शहर कैथल से गहरा लगाव है। अखिल भारतीय साहित्य परिषद और साहित्य सभा कैथल से जुड़े होने के कारण वह कैथल सहित हरियाणा के विभिन्न शहरों में आयोजित साहित्यिक कार्यक्रमों में भाग लेते रहते हैं। इसी दौरान मित्रों के साथ बातचीत में जब उन्हें दूसरे स्थानों और पहाड़ों पर घूमने जाने की सलाह दी जाती थी, तो उनके मन में यह भाव उभरा कि जब अपने कैथल में ही बहुत कुछ है, तो कहीं और जाने की क्या जरूरत है।

इसी भावना से उनके मन में पंक्तियां आईं—‘सब कुछ है मेरे कैथल में, क्यों जाऊं मैं और कहीं।’ इस विचार को आधार बनाकर उन्होंने कैथल शहर की विशेषताओं, सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक स्थलों का वर्णन करते हुए गौरव गीत की रचना की। बाद में इस गीत को स्क्रीन राइटर एसोसिएशन में पंजीकृत करवाया गया।

डॉ. तेजिन्द्र ने गीत को भिवानी के वरिष्ठ साहित्यकार और फिल्म राइटर्स एसोसिएशन, मुंबई के नियमित सदस्य आनन्द प्रकाश ‘आर्टिस्ट’ को भेजा। आनन्द प्रकाश ने संगीत की दृष्टि से कुछ सुधार सुझाते हुए इसे रिकॉर्ड करवाने की सलाह दी। संशोधन के बाद सोमिका फिल्म्स, भिवानी के प्रोपराइटर सोमेश खिंची ने इस गीत को अपने बैनर तले प्रस्तुत करने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद गीत की रिकॉर्डिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ी और 13 अक्तूबर को इसे स्टूडियो में रिकॉर्ड किया गया।

गीत की रिकॉर्डिंग के दौरान गीतकार डॉ. तेजिन्द्र, गायिका पूजा राउत, निर्देशक आनन्द प्रकाश ‘आर्टिस्ट’ और रिकॉर्डिस्ट अमित जांगड़ा मौजूद रहे। इनके अलावा हरियाणवी फीचर फिल्म ‘बिजली’ के नायक देवांश तथा कलाकार सुनीता आनन्द, मोनिका और सोमिका सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

डॉ. तेजिन्द्र ने बताया कि उन्होंने अब तक अनेक काव्य रचनाएं लिखी हैं और उनकी रचनाओं का प्रसारण आकाशवाणी व दूरदर्शन के माध्यम से होने के साथ-साथ विभिन्न साहित्यिक मंचों पर भी प्रस्तुतियां दी गई हैं। हालांकि, किसी फिल्म कंपनी के लिए लिखे गए गीत का स्टूडियो में विधिवत संगीतबद्ध होकर रिकॉर्ड होना उनके लिए पहला अनुभव है। इस उपलब्धि को लेकर वह बेहद उत्साहित और गौरवान्वित हैं।

गीत में चार अंतरे रखे गए हैं, जिनमें कैथल शहर के मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों का उल्लेख किया गया है। निर्देशक आनन्द प्रकाश ‘आर्टिस्ट’ के मार्गदर्शन में गीत को आकर्षक रूप देने का प्रयास किया गया है।

डॉ. तेजिन्द्र की इस उपलब्धि पर उनके साहित्यिक मित्रों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। रिकॉर्डिंग के अवसर पर मौजूद कलाकार कुनबा, भिवानी के सदस्यों सहित अनेक साहित्यकारों और कलाकारों ने उन्हें बधाई देते हुए गीत की सफलता की कामना की। हरियाणा दिवस पर रिलीज होने जा रहा यह गौरव गीत कैथल के प्रति प्रेम, स्थानीय संस्कृति और शहर की विशिष्ट पहचान को संगीत के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *