कुल्लू के तीर्थन घाटी से युवा अमर सिंह ठाकुर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित, ग्रेटर नोएडा में मिला नेशनल एक्सीलेंस अवॉर्ड

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, गुशैनी/बंजार

जिला कुल्लू की तीर्थन घाटी के निवासी युवा समाजसेवी अमर सिंह ठाकुर को सामाजिक सेवा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में योगदान के लिए सत्यमेव जयते ‘नेशनल एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। 11 अक्टूबर रविवार को दिल्ली एनसीआर के ग्रेटर नोएडा स्थित रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से तीर्थन घाटी और बंजार क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

अमर सिंह ठाकुर तीर्थन घाटी की ग्राम पंचायत तुंग में स्थित एक छोटे से गांव मनौनी के निवासी है। यह वर्तमान में भारतीय पैरामेडिकल एसोसिएशन की जिला कुल्लू इकाई के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही वे अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण परिषद में हिमाचल प्रदेश के राज्य उपनिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे इसी संगठन में राज्य समन्वयक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।

मानवाधिकार और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता

संगठन की ओर से अमर सिंह ठाकुर को मानवाधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सामाजिक न्याय को प्रोत्साहित करने तथा आम लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ साथ उनकी जिम्मेदारियों में मानवाधिकार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना, सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को बढ़ावा देना तथा संबंधित विभागों और संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करना शामिल किया गया है।

हिमाचल का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात

सम्मान प्राप्त करने के बाद अमर सिंह ठाकुर ने आयोजक समिति और संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के समारोह में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस सम्मान को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा से निभाने की प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी मानवाधिकार संरक्षण, आम नागरिकों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की।

सत्यमेव जयते’ के संदेश से मिलेगी प्रेरणा

अमर सिंह ठाकुर ने सत्य, न्याय और ईमानदारी के मार्ग पर चलने के संदेश को समाजसेवा के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण परिषद एक गैर-सरकारी और गैर-लाभकारी संगठन है। यह संगठन मानवाधिकार संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों को बढ़ावा देने का उद्देश्य रखता है।

तीर्थन घाटी जैसे ग्रामीण क्षेत्र से जुड़े अमर सिंह ठाकुर की इस उपलब्धि को सामाजिक कार्यों में युवाओं की भागीदारी के लिए उत्साहवर्धक माना जा रहा है। उनके शुभचिंतकों और परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए आशा जताई कि वे भविष्य में भी जनहित और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान देते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *