बजौरा में जायका द्वारा ‘अगली पीढ़ी के लिए जागरूकता कार्यक्रम’ का शुभारंभ, कृषि में स्वरोजगार और आधुनिक तकनीकों पर दिया बल

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 16 अक्टूबर:

हिमाचल प्रदेश सरकार और जापान अंतर्राष्ट्रीय सहयोग एजेंसी (JICA – जाइका) के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना’ के तहत राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बजौरा में शुक्रवार को ‘अगली पीढ़ी के लिए जागरूकता कार्यक्रम’ के अंतर्गत एक दिवसीय उन्मुखीकरण (Orientation) कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का संयोजन जाइका (कृषि) द्वारा चयनित संस्था ‘सेंटर फॉर टेक्नोलॉजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (CTED), जगदीशपुर-अमेठी (उत्तर प्रदेश)’ द्वारा किया गया।

खंड परियोजना प्रबंधन इकाई (BPMU) कुल्लू के अनुसार, कुल्लू तथा लाहौल एवं स्पीति जिले के कुल 5 स्कूलों का चयन इस विशेष पहल के लिए किया गया है। इन स्कूलों से कुल 150 विद्यार्थियों को 7 दिनों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके उपरांत, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए 1 श्रेष्ठ स्कूल और 5 उत्कृष्ट विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

कार्यक्रम में खंड परियोजना प्रबंधक डॉ. जयंत रत्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने फसल विविधीकरण परियोजना के उद्देश्यों और कृषि क्षेत्र में इसके महत्वपूर्ण योगदान की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. रत्ना ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “कृषि केवल पारंपरिक आजीविका तक सीमित नहीं है। आधुनिक तकनीकों, नवाचार (Innovation) और उद्यमिता के माध्यम से कृषि क्षेत्र में रोजगार व स्वरोजगार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।” उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक व टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।

युवा पीढ़ी में कृषि, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और कृषि-आधारित उद्यमिता के प्रति रुचि जगाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से संतुलित भोजन एवं पोषण में स्वस्थ आहार और पोषण वाटिका का महत्व, प्राकृतिक खेती एवं उन्नत तकनीक में पॉलीहाउस तकनीक, वर्मी कम्पोस्ट और नर्सरी तैयार करना, जलवायु अनुकूल खेती में जलवायु परिवर्तन के अनुरूप टिकाऊ खेती के तरीके, कृषि में रोजगार व बाजार में विपणन (Marketing) और स्वरोजगार के अवसर तथा व्यावहारिक गतिविधियां में खेत व नर्सरी में व्यावहारिक (Practical) प्रशिक्षण विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया।

इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य दीप्ति पॉल, भौतिक विज्ञान प्रवक्ता कश्मीर ठाकुर, हिंदी प्रवक्ता जोगिंदर सिंह तथा रसायन विज्ञान प्रवक्ता दीवान सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल समन्वय विद्यालय की नोडल अधिकारी एवं व्यावसायिक कृषि शिक्षिका पूजा प्रसाद ने किया। इसके अलावा, जाइका की राज्य परियोजना टीम के लीडर ए.के. श्रीवास्तव, मंडी टीम लीडर गुरदेव और कुल्लू ब्लॉक समन्वयक जितेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *