सुरभि न्यूज़
कुल्लू/शिमला, 16 अक्तूबर
जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं की रिक्त सीटों पर प्रवेश पाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 (LEST-2027) के तहत ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 अक्तूबर, 2026 कर दी गई है। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर निर्धारित की गई थी।
जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल, जिला कुल्लू के प्राचार्य ने बताया कि जिले के ऐसे विद्यार्थी, जो वर्तमान में कक्षा आठवीं और दसवीं में अध्ययनरत हैं, वे पात्रता शर्तों के अनुसार क्रमशः कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है।
इसी तरह, जवाहर नवोदय विद्यालय ठियोग, जिला शिमला के प्राचार्य रोशन लाल ने भी जानकारी दी कि कक्षा नौवीं और ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है। उन्होंने जिला शिमला के सभी उच्च एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों से आग्रह किया है कि वे इस सूचना को अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी योग्य विद्यार्थी आवेदन करने से वंचित न रहे।
आयु सीमा का रखें विशेष ध्यान
कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 मई, 2012 से 31 जुलाई, 2014 के बीच होनी चाहिए। वहीं, कक्षा ग्यारहवीं में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 जून, 2010 से 31 जुलाई, 2012 के बीच निर्धारित की गई है। आवेदन करने से पहले अभिभावक संबंधित कक्षा की पात्रता शर्तों की जांच अवश्य कर लें।
23 से 25 अक्तूबर तक आवेदन में सुधार का अवसर
ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है, तो उसमें 23 से 25 अक्तूबर, 2026 तक सुधार किया जा सकेगा। इसलिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी गई है कि आवेदन पत्र में दर्ज सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करें।
10 अप्रैल, 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा का आयोजन 10 अप्रैल, 2027 को किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभिभावक जवाहर नवोदय विद्यालय, कुल्लू के कार्यालय में दूरभाष नंबर 9418538510 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा विद्यालय पहुंचकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन
- कक्षा नौवीं के लिए: https://cbseitms.nic.in/2026/nvsix_9
- कक्षा ग्यारहवीं के लिए: https://cbseitms.nic.in/2026/nvsxi_11
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रशासन ने पात्र विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें और इस अवसर का लाभ उठाएं।








