सुरभि न्यूज़ | ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटा भंगाल के राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में इन दिनों खुशियों और उत्साह का माहौल है। कॉलेज के बी.ए. प्रथम वर्ष के प्रतिभावान छात्र मनोज कुमार ने 15 अक्टूबर 2026 को राजकीय महाविद्यालय जोगिंदरनगर में आयोजित क्लस्टर मीट के तहत अंतर महाविद्यालयीय 10 किलोमीटर दौड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपने महाविद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
मनोज कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि मनोज की यह सफलता कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति उनके समर्पण का परिणाम है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। पूरी मुल्थान कॉलेज बिरादरी को अपने छात्र की इस सफलता पर अत्यंत गर्व है।
एनएसएस के तत्वावधान में स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान आयोजित
वहीं दूसरी ओर, राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में 23 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में ‘प्लास्टिक मुक्त अभियान’ एवं ‘स्वच्छता अभियान’ का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों और अन्य विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अभियान के तहत छात्रों ने महाविद्यालय परिसर तथा आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में सफाई की और प्लास्टिक के बढ़ते प्रयोग को कम करने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाई। महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. अविषेक ने बताया कि इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति चेतना जगाना और उन्हें स्वच्छता एवं पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना था।









