जोगिंदर नगर : ग्राम पंचायत भराडू के आल्गाबाड़ी में सार्वजनिक रास्ते पर कूड़े और गंदे पानी से बढ़ा जनरोष, ग्रामीणों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
जोगिंदर नगर: उपमंडल के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत भराडू के वार्ड नंबर-1 अल्गाबाड़ी के अंतिम छोर में बहई नाले के किनारे बने सार्वजनिक आम रास्ते पर फैली गंदगी से स्थानीय लोगों का जीना दूभर हो गया है। कुछ लोगों द्वारा लगातार यहां घरों का कूड़ा-कचरा और गंदा नाली का पानी फेंके जाने के कारण गंभीर स्वास्थ्य संकट और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका पैदा हो गई है।
मुख्य रास्ते पर लगा गंदगी का अंबार
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस सार्वजनिक मार्ग से दिनभर स्कूली नौनिहाल बच्चे, युवा, बुजुर्ग और सैकड़ों आम नागरिकों का आना-जाना लगा रहता है। रास्ते में फैले कूड़े और छोड़े गए गंदे पानी के कारण लोगों को नाक पर रुमाल रखकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी सावित्री देवी ने बताया कि उनके घर से मात्र 5-10 मीटर की दूरी पर नाले के साथ खुले में कचरा फेंका जा रहा है और गंदा पानी छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा प्रताप सिंह, जय राम, केहर सिंह ठाकुर, मान सिंह, हेम सिंह, भाग सिंह, होशियार सिंह और जै राम का कहना है कि लंबे समय से जारी इस लापरवाही के चलते यहां गंदगी फैली हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर मौसम में इस बदबूदार रास्ते से गुजरना एक बड़ी चुनौती बन गया है। पर्यावरण प्रदूषित होने के साथ-साथ गंभीर बीमारियां फैलने का भी डर सता रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि खुले में पड़े इस कचरे में खाने की तलाश में पालतू और जंगली जीव-जंतु भी मुंह मारते रहते हैं, जिससे कभी भी बच्चों या राहगीरों पर हमले का खतरा बना रहता है।
ग्रामीण जय राम ने बताया कि पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा भी इस जगह पर कचरा न फेंकने की चेतावनी दी गई थी और इसके लिए चेतावनी पट्टिका (बोर्ड) भी लगाई गई थी, बावजूद इसके लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।
मामले को लेकर जब ग्राम पंचायत भराडू की प्रधान रीता देवी से बात की गई, तो उन्होंने स्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पंचायत में ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। 2 अक्टूबर की ग्राम सभा में सभी स्थानीय नागरिकों को स्पष्ट हिदायत दी गई थी कि हर घर में सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए डस्टबिन का इस्तेमाल किया जाए और कचरा इधर-उधर सार्वजनिक स्थानों पर न फेंका जाए।
प्रधान रीता देवी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अब कोई भी ग्रामीण बाहर कूड़ा फेंकता हुआ पकड़ा गया, तो उस पर प्रतिदिन 500/- रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, दुकानदारों के लिए प्रतिदिन 1000/- रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने सभी पंचायत वासियों से अपील की है कि वे क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण रहित बनाने में सहयोग करें ताकि बीमारियों से बचाव हो सके।








