सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, आनी
उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, मोबाइल सेवाओं के सुरक्षित उपयोग और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में मोबाइल नेटवर्क की समस्याओं, कॉल ड्रॉप, अनचाही कॉल और संदेशों सहित उपभोक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सलाह दी गई कि किसी भी सेवा या प्लान का चयन करने से पहले उसकी नियम एवं शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अनावश्यक सेवाओं से बचें। अनचाही कॉल और संदेशों से छुटकारा पाने के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के डीएनडी फीचर का उपयोग करने तथा संदिग्ध नंबरों की रिपोर्ट करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इसके साथ ही अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, आकर्षक ऑफर वाले ईमेल और सोशल मीडिया संदेशों से सतर्क रहने तथा अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि वित्तीय या साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमंडलाधिकारी नागरिक (एसडीएम) आनी श्री लक्ष्मण कनेत ने अपने संबोधन में खरीदारी करते समय उपभोक्ताओं को आवश्यक सावधानियां बरतने के टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी वस्तु या सेवा को खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, कीमत तथा संबंधित शर्तों की जांच करनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और देश व प्रदेश की तरक्की में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने उपभोक्ता परिषद की ओर से आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इन्हें आम लोगों के लिए उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष जीत राम शर्मा ने मुख्य अतिथि लक्ष्मण कनेत, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकों और विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने दैनिक जीवन में खरीदारी करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी और उपभोक्ताओं को जागरूक रहकर अपने अधिकारों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में खुले मंच का आयोजन किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने मोबाइल नेटवर्क की समस्या और कॉल ड्रॉप सहित दूरसंचार सेवाओं से जुड़े सवाल उठाए। संबंधित प्रतिनिधियों ने मौके पर ही समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया और उपभोक्ताओं को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में मोबाइल कंपनियों के प्रतिनिधियों, महाविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपनी जिज्ञासाओं और समस्याओं को साझा किया तथा उपभोक्ता अधिकारों, दूरसंचार सेवाओं और साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।









