कुल्लू में पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को किया नमन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ | प्रताप सिंह अरनोट, कुल्लू

कुल्लू, 21 अक्टूबर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन कुल्लू में शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन शर्मा तथा उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रोहित मृगपुरी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर वीर जवानों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण को याद किया गया।

21 अक्टूबर को मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस

उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दस वीर जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। यह दिन उन सभी पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश की सुरक्षा और आम नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।

शहीदों का बलिदान सदैव देता रहेगा प्रेरणा
जिला कुल्लू पुलिस ने सभी वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका साहस, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव पुलिस बल का मार्गदर्शन करता रहेगा। वीर शहीदों का जीवन आने वाली पीढ़ियों को कर्तव्यपथ पर दृढ़ता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
पुलिस स्मृति दिवस न केवल शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन है, बल्कि देश की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में पुलिस बल के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने का भी अवसर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *