सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल घाटी के केंद्र स्थल मुल्थान स्थित वन विश्राम गृह में बुधवार, 21 अक्टूबर को कांग्रेस की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैजनाथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े प्रदेश कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष रविन्द्र उर्फ बिट्टू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में घाटी के करीब 200 कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, वरिष्ठ एवं युवा नेताओं तथा पांच महिला मंडलों की महिलाओं ने भाग लिया।
मुल्थान पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने रविन्द्र उर्फ बिट्टू का फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इसके बाद छोटाभंगाल कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने मुख्य अतिथि रविन्द्र बिट्टू और उनके साथ आए बैजनाथ कांग्रेस मंडल अध्यक्ष शशि राणा को टोपी एवं मफलर पहनाकर सम्मानित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए रविन्द्र उर्फ बिट्टू ने कहा कि उनके पिता एवं बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल के प्रयासों तथा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के कार्यकाल में छोटाभंगाल घाटी में विभिन्न विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि घाटी में हुए विकास कार्यों में कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जबकि भाजपा ने क्षेत्र की समस्याओं और विकास की जरूरतों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने घाटी में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए प्रयास जारी हैं।
रविन्द्र बिट्टू ने कहा कि विधायक किशोरी लाल के प्रयासों से बीड़-बिलिंग-बड़ा ग्रां सड़क मार्ग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इस सड़क पर बस सेवा शुरू हो जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि छोटाभंगाल घाटी को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। घाटी की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही यहां का दौरा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान मुल्थान में तैयार हो चुके लघु सचिवालय का लोकार्पण भी किया जा सकता है।
राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में रिक्त पदों का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। रविन्द्र बिट्टू ने घाटीवासियों को आश्वस्त किया कि कॉलेज में शिक्षकों की कमी को दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक प्राचार्य सहित छह प्रोफेसरों के पदों को भरने से संबंधित डिमांड नोट सरकार के पास पहुंच चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे महाविद्यालय में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में बैजनाथ कांग्रेस मंडल अध्यक्ष शशि राणा, जिला परिषद सदस्य राम लाल, छोटा-बड़ाभंगाल घाटी कांग्रेस प्रभारी मदन ठाकुर, छोटाभंगाल कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार, बैजनाथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष सीता राम तथा पोलिंग पंचायत के पूर्व प्रधान एवं बैजनाथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष रूप चंद ने भी अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने घाटी की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों और स्थानीय लोगों की जरूरतों पर चर्चा की। उन्होंने कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों तथा विधायक किशोरी लाल द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का भी उल्लेख किया।
बैठक के दौरान मुल्थान गांव के कमलेश कुमार, नेर गांव के करतार सिंह, सरमान गांव के धनी राम, पोलिंग गांव के नन्द लाल और जुधार गांव के संजय कुमार ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की।
रविन्द्र सिंह बिट्टू ने सभी नए सदस्यों का हार पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
बैठक में बैजनाथ कांग्रेस महासचिव राजेन्द्र ठाकुर, चोबू पंचायत के उपप्रधान मोहेंद्र सिंह, बड़ा ग्रां पंचायत के उपप्रधान सुदर्शन कुमार, कोठी कोहड़ के प्रधान हिम्मत सिंह, मुल्थान पंचायत के उपप्रधान जोगिन्द्र सिंह, पोलिंग पंचायत के पूर्व प्रधान मेहर सिंह, लोआई पंचायत के पूर्व उपप्रधान धर्म चंद, प्राकाम चंद और शांता कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने, घाटी के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने तथा स्थानीय समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।











