एनएचपीसी लिमिटेड, क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ में साइबर सुरक्षा पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, चंडीगढ़

एनएचपीसी लिमिटेड, क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ द्वारा शनीवार को कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम के मार्गदर्शन में कार्मिकों के लिए “साइबर सुरक्षा” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT), रोपड़ के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक उपायों से अवगत कराना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फर्जी वेबसाइटों, संदिग्ध लिंक और नकली मोबाइल ऐप के माध्यम से होने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि साइबर ठग किस प्रकार बैंकिंग विवरण, पासवर्ड एवं अन्य व्यक्तिगत जानकारियाँ चुराकर आर्थिक नुकसान पहुँचा सकते हैं। इस दौरान विभिन्न विषयों के माध्यम से ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में साइबर धोखाधड़ी से बचाव के लिए छह प्रमुख सावधानियों पर विशेष जोर दिया गया। इनमें वेबसाइट के URL की सावधानीपूर्वक जाँच करना, असामान्य रूप से सस्ते ऑफर और जल्दबाजी में भुगतान करने के दबाव से बचना, मोबाइल ऐप को अनावश्यक परमिशन न देना, ऐप की रेटिंग एवं डेवलपर की जानकारी की जाँच करना, केवल आधिकारिक वेबसाइटों का उपयोग करना तथा एंड्रॉइड मोबाइल में Google Play Protect को सक्रिय रखना शामिल था।

इसके अतिरिक्त, प्रतिभागियों को जागरूक किया गया कि किसी वेबसाइट पर HTTPS या ताले का चिह्न होना उसकी पूर्ण सुरक्षा की गारंटी नहीं है। उन्हें OTP, UPI PIN एवं बैंकिंग पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारियाँ किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें व्यक्तिगत एवं संगठनात्मक सूचनाओं की सुरक्षा के प्रति अधिक जिम्मेदार बनाना था। इस प्रशिक्षण के माध्यम से साइबर खतरों की पहचान करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और सुरक्षित डिजिटल वातावरण बनाए रखने के महत्व को रेखांकित किया गया।

एनएचपीसी लिमिटेड द्वारा इस प्रकार की प्रशिक्षण पहलों के माध्यम से कर्मचारियों की क्षमता निर्माण, डिजिटल जागरूकता तथा सूचना सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *