सुरभि न्यूज़
बालीचौकी (डोला सिंह महंत)
80वें इन्फैंट्री दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सेना की ‘टाइगर डिवीजन’ द्वारा आयोजित 1064 किलोमीटर लंबी चुनौतीपूर्ण साइकिल अभियान यात्रा का झलोगी पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। डोगरा रेजीमेंट की 7वीं बटालियन की यह साइकिल टीम जम्मू के सतवारी कैंट (16 इन्फैंट्री डिवीजन) से रवाना होकर पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न दुर्गम इलाकों से होती हुई पालमपुर, योल कैंट, मंडी, पंडोह और कुल्लू का सफर तय कर वापस लौट रही है।
झांतनगर/झलोगी पहुंचने पर 133 INF (TA) इको ‘बी’ कंपनी के नायब सूबेदार जीतू राम एवं उनकी पूरी टीम ने साइकिल एक्सपीडिशन दल का पारंपरिक कुल्लवी गर्मजोशी के साथ अभिनंदन किया।
कुल्लवी संस्कृति से किया सम्मान
अभियान दल के प्रभारी मेजर टी. पुन (OTRS) के नेतृत्व में पहुंचे 2 वरिष्ठ अधिकारियों, 3 जूनियर अधिकारियों और 26 जवानों का इको कंपनी परिसर में स्वागत किया गया। नायब सूबेदार जीतू राम ने मेजर टी. पुन को कुल्लवी टोपी व मफलर पहनाकर सम्मानित किया।
पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण का संदेश
इस दौरान नायब सूबेदार जीतू राम ने दल को इको कंपनी द्वारा क्षेत्र में चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुल्लू और मंडी के पहाड़ी क्षेत्रों में दयार, रीठा, खुमानी, जामुन तथा अन्य चौड़े पत्ते वाले पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे प्राकृतिक संतुलन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में मदद मिलती है।
जम्मू से आए जांबाज जवानों ने भी इस अवसर पर पौधरोपण किया। मेजर टी. पुन ने इको टास्क फोर्स के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में देश भर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण जरूरी है, ताकि हमारी पहाड़ियों की सुंदरता और जलवायु बनी रहे।
यात्रा के प्रमुख उद्देश्य:
-
वीरता और बलिदान को नमन: भारतीय इन्फैंट्री के अदम्य साहस, बलिदान और जज्बे को समर्पित।
-
जागरूकता अभियान: मार्ग में स्थानीय निवासियों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और युवाओं से संवाद कर अग्निपथ योजना एवं देशभक्ति की भावना का प्रचार।
-
फिटनेस और पर्यावरण: शारीरिक फिटनेस, कठिन परिस्थितियों में दृढ़ संकल्प और पर्यावरण सुरक्षा का संदेश देना।
कठिन मौसम और दुर्गम रास्तों का सामना करते हुए जवानों के इस संकल्प को स्थानीय लोगों ने भी सैल्यूट किया। अंत में नायब सूबेदार जीतू राम ने साइकिलिंग दल को हरी झंडी दिखाकर आगे के सफर और अभियान के सफल समापन के लिए शुभकामनाएं देकर रवाना किया।











