सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में साम्फिया फाउंडेशन द्वारा संचालित तथा भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (IREDA) द्वारा प्रायोजित रेडियो कुल्लू का लोकार्पण स्वर्गीय विदिशा भारद्वाज की पुण्य स्मृति में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने रेडियो कुल्लू की टीम को अपनी शुभकामनाएं देते हुए स्टेशन की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने सामुदायिक रेडियो की भूमिका को स्थानीय समुदायों तक सूचना पहुंचाने, जन-जागरूकता बढ़ाने तथा क्षेत्र की संस्कृति, परंपराओं और जनसरोकारों को मंच प्रदान करने के संदर्भ में महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माननीय राज्यपाल श्री कविन्द्र गुप्ता का रेडियो कुल्लू पर लाइव साक्षात्कार रहा। यह साक्षात्कार हिमाचल प्रदेश के पहले दृष्टिबाधित रेडियो जॉकी (आरजे) खेम द्वारा लिया गया तथा रेडियो कुल्लू 90.4 एफएम पर इसका सीधा प्रसारण किया गया। इस दौरान श्रोताओं को माननीय राज्यपाल के विचार सुनने का अवसर मिला। यह पहल रेडियो कुल्लू की समावेशी कार्यशैली और दिव्यांगजनों की सक्रिय भागीदारी के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।
रेडियो कुल्लू 90.4 एफएम का उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, सामाजिक जागरूकता का प्रसार करना तथा लोक संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण में योगदान देना है।
इस औपचारिक लोकार्पण के साथ रेडियो कुल्लू ने सामुदायिक प्रसारण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रेडियो कुल्लू की टीम ने माननीय राज्यपाल, लेडी गवर्नर एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का आभार व्यक्त किया।











