नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सोलन ने गोद लिए गए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सुल्तानपुर का किया दौरा

Listen to this article

सुरभि  न्यूज़, सोलन

जिला पुलिस सोलन द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में स्कूली विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस के सभी राजपत्रित अधिकारियों द्वारा एक-एक विद्यालय को गोद लिया गया है। इसी पहल के तहत पुलिस अधीक्षक, सोलन ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सुल्तानपुर को गोद लिया है। पुलिस अधीक्षक, सोलन द्वारा समय-समय पर गोद लिए गए विद्यालय का दौरा किया जाता है।

पुलिस अधीक्षक, सोलन ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, सुल्तानपुर का दौरा किया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ सीधा संवाद किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन से नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रमों एवं सेमिनारों का आयोजन करने का आग्रह किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया कि वे नशे से संबंधित किसी भी समस्या अथवा अपने विचारों को बिना किसी संकोच के पुलिस के साथ साझा करें।

पुलिस अधीक्षक, सोलन ने शिक्षकों से भी आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों के व्यवहार एवं गतिविधियों पर ध्यान रखें तथा नशे की लत की रोकथाम और नशे से संबंधित किसी भी समस्या की समय रहते पहचान करने में पुलिस विभाग के साथ सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जिला पुलिस सोलन के अन्य सभी राजपत्रित अधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने गोद लिए गए विद्यालयों में नियमित रूप से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त, राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारियों द्वारा अन्य शिक्षण संस्थानों में जाकर भी विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। जिला पुलिस सोलन द्वारा नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता बढ़ाने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *