सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, बंजार : 24 अक्टूबर
कुल्लू जिला के बीडीओ कार्यालय बंजार में शनिवार को चेहरे, जबड़े एवं सिर-गर्दन संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लगभग 200 लोगों ने भाग लिया, जबकि करीब 60 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान लगभग 42 से 45 मरीजों को विभिन्न प्रकार की शल्य चिकित्सा की आवश्यकता पाई गई। इन सभी मरीजों का पंजीकरण कर लिया गया है तथा आगामी समय में स्माइल ट्रेन के सहयोग से उनकी सर्जरी निःशुल्क की जाएगी।
शिविर में डॉ. वाई.एस. ठाकुर मेमोरियल मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, हमीरपुर के कंसल्टेंट मैक्सिलोफेशियल एवं क्लेफ्ट सर्जन डॉ. देव मल्होत्रा ने अपनी टीम के साथ मरीजों की जांच की। उन्होंने मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार उचित उपचार और आवश्यक सर्जरी संबंधी परामर्श भी दिया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य कटे होंठ एवं तालू जैसी जन्मजात विकृतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा चेहरे, जबड़े और सिर-गर्दन से संबंधित समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना रहा। इस दौरान मरीजों और उनके परिजनों को कटे होंठ एवं तालू की विकृति, प्रभावित बच्चों के उचित पोषण, भोजन कराने के तरीकों, विभिन्न चरणों में की जाने वाली सर्जरी तथा सर्जरी के बाद होने वाले संभावित सुधारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
डॉ. देव मल्होत्रा ने कहा कि कटे होंठ एवं तालू की समस्या का समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। उचित शल्य चिकित्सा और समुचित देखभाल से बच्चों के चेहरे की बनावट, बोलने की क्षमता, भोजन ग्रहण करने की प्रक्रिया तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसी जन्मजात विकृतियों को छिपाने के बजाय समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लें, ताकि प्रभावित बच्चों को सही उपचार मिल सके।
उन्होंने बताया कि शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उन्हें आगे की उपचार प्रक्रिया से जोड़ा गया है। पंजीकृत मरीजों की आगामी समय में आवश्यक सर्जरी करवाने की व्यवस्था की जाएगी।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी ने क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की आवश्यकता को उजागर किया। स्माइल ट्रेन के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों की निःशुल्क सर्जरी की पहल से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस तरह के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।










