कुल्लू के उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार का उच्च शिक्षा विभाग की निदेशक प्रो. सुनीता सिंह ने किया निरीक्षण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बंजार, 25 अक्टूबर

उच्च शिक्षा विभाग की निदेशक प्रोफेसर सुनीता सिंह ने रविवार को राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय बंजार का सामान्य निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा विभिन्न विभागों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों का निरीक्षण किया।

महाविद्यालय परिसर में पहुंचने पर प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आर.के. सिंह, समस्त प्राध्यापकों एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों, केंद्रीय छात्र संघ (CSCA) के पदाधिकारियों तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के विद्यार्थियों ने निदेशक का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर प्रोफेसर डॉ. श्रवण कुमार ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया। वहीं, प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आर.के. सिंह ने हिमाचली परंपरा के अनुरूप टोपी एवं शॉल भेंट कर निदेशक को सम्मानित किया।

निरीक्षण के दौरान प्रो. सुनीता सिंह ने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के अंतर्गत प्राप्त अनुदान से किए जा रहे विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की।

इसके अतिरिक्त, निदेशक ने महाविद्यालय की डिजिटल लाइब्रेरी, भाषा प्रयोगशाला (लैंग्वेज लैब), सूचना प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला (आईटी लैब) तथा भौतिक विज्ञान एवं प्राणी विज्ञान विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन विभागों में उपलब्ध सुविधाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संस्थान में शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने से जुड़े पहलुओं की जानकारी ली।

इस दौरान निदेशक ने महाविद्यालय के प्राध्यापकों के साथ संवाद भी किया। चर्चा में शिक्षण व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों तथा महाविद्यालय की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में रिक्त शैक्षणिक पदों का मुद्दा भी उठाया गया और संस्थान की आवश्यकताओं को लेकर विचार साझा किए गए। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *