जनजातीय क्षेत्रों को कांग्रेस सरकार ने किया नजरअंदाज, स्वास्थ्य केंद्रों में जुकाम तक की दवा नहीं : श्रीकांत शर्मा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
लाहौल-स्पीति, 25 अक्टूबर

भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा से विधायक श्रीकांत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जनजातीय क्षेत्रों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार को जनजातीय क्षेत्रों की जनता के वोट तो चाहिए, लेकिन लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की चिंता नहीं है। बर्फबारी का मौसम नजदीक होने के बावजूद लाहौल-स्पीति में स्वास्थ्य सेवाओं और संपर्क मार्गों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

उदयपुर मंडल के त्रिलोकीनाथ क्षेत्र में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि जालमा पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सामान्य जुकाम तक की दवाइयां उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में सामान्य बीमारियों की दवाइयां तक नहीं हैं, तो बर्फबारी के दौरान गंभीर रूप से बीमार लोगों का उपचार कैसे होगा?

उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में सर्दियों के दौरान कई गांवों का संपर्क शेष दुनिया से कट जाता है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि स्वास्थ्य संस्थानों में पर्याप्त दवाइयां, चिकित्सकीय सुविधाएं और आपातकालीन सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। लेकिन कांग्रेस सरकार की प्राथमिकताओं में जनजातीय क्षेत्रों की जनता कहीं नजर नहीं आती।

मैयाड़ घाटी और चोखांग मार्ग की हालत पर उठाए सवाल

श्रीकांत शर्मा ने संपर्क मार्गों की बदहाल स्थिति पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि मैयाड़ घाटी और चोखांग मार्ग सहित कई ग्रामीण सड़कों की हालत बेहद खराब होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के अधीन राष्ट्रीय राजमार्गों पर विकास कार्य हो रहे हैं, जबकि राज्य सरकार की जिम्मेदारी वाले अनेक संपर्क मार्ग उपेक्षा का शिकार हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि बर्फबारी से पहले इन सड़कों की मरम्मत और रखरखाव के लिए क्या कार्ययोजना तैयार की गई है? कितनी धनराशि स्वीकृत हुई है और धरातल पर कितना काम पूरा किया गया है?

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की आलोचना करने में व्यस्त रहते हैं, जबकि अपनी जिम्मेदारी वाले स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण सड़कों की दुर्दशा पर चुप्पी साधे हुए हैं।

जनजातीय विकास बजट का हिसाब सार्वजनिक करे सरकार

श्रीकांत शर्मा ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास बजट को लेकर भी प्रदेश सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्पष्ट करे कि पिछले वर्षों की तुलना में जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए कितनी धनराशि आवंटित की गई, कितनी जारी हुई और कितनी खर्च की गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि बजट से संबंधित विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं होने से सरकार की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। जनजातीय क्षेत्रों की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा स्वास्थ्य सेवाओं, संपर्क मार्गों और जनजातीय विकास बजट से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

बूथ संख्या 15 पर सुनी ‘मन की बात’

इस अवसर पर श्रीकांत शर्मा ने उदयपुर मंडल के बूथ संख्या 15, त्रिलोकीनाथ में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को सुना।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने, जनभागीदारी बढ़ाने और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनजातीय क्षेत्रों की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

बर्फबारी से पहले सुविधाएं दुरुस्त करने की मांग

श्रीकांत शर्मा ने प्रदेश सरकार से मांग की कि बर्फबारी से पहले सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए। मैयाड़ घाटी और चोखांग सहित बदहाल संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए तथा जनजातीय क्षेत्रों के विकास बजट और खर्च का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को जनजातीय क्षेत्रों की जनता से केवल वोट मांगने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। भाजपा लाहौल-स्पीति की जनता के अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं के लिए निरंतर आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *