हिमाचल को 320 नई पीजी मेडिकल सीटों की सौगात, अखिलेश कपूर ने जताया पीएम मोदी और जेपी नड्डा का आभार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, कुल्लू

हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई स्नातकोत्तर (पीजी) मेडिकल सीटों को मंजूरी मिलने तथा इस महत्वपूर्ण पहल के लिए लगभग 415 करोड़ रुपये के अनुदान की स्वीकृति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया है।

अखिलेश कपूर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश और प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप दूरदर्शी योजनाएं बना रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रयासों से हिमाचल प्रदेश को मिली यह सौगात चिकित्सा क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य केवल वर्तमान की स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का समाधान करना ही नहीं, बल्कि भविष्य में बढ़ने वाली आवश्यकताओं के अनुरूप चिकित्सा सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों और चिकित्सा शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना भी है। हिमाचल प्रदेश में 320 नई पीजी मेडिकल सीटों की मंजूरी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में नई पीजी सीटें स्वीकृत होने से युवा चिकित्सकों को विशेषज्ञता हासिल करने के अधिक अवसर मिलेंगे। इससे चिकित्सा शिक्षा को प्रोत्साहन मिलेगा और प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ने से आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। यह पहल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सक्षम और सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

अखिलेश कपूर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का अनुभव, दूरदर्शिता और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति प्रतिबद्धता देश तथा हिमाचल प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ऐसी योजनाएं आने वाले वर्षों में देश की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगी। चिकित्सा शिक्षा के विस्तार से न केवल प्रदेश के युवाओं को लाभ मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

अखिलेश कपूर ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के ऐसे प्रयास विकसित भारत और समृद्ध हिमाचल के संकल्प को मजबूती प्रदान करते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *