मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 26 और 27 अक्तूबर को कुल्लू दौरे पर, करेंगे विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 25 अक्तूबर

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 26 और 27 अक्तूबर को कुल्लू जिला के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वे अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री के दौरे की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री 26 अक्तूबर को दोपहर 12:20 बजे भुंतर हवाई अड्डे पर एनसीसी हैंगर के विस्तार कार्य का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:40 बजे एचपी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस बजौरा पहुंचेंगे, जहां वे बंजार विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे पिरड़ी पहुंचेंगे। यहां वे कुल्लू विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

दशहरा उत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 26 अक्तूबर को सायं 6:10 बजे ढालपुर स्थित रथ मैदान पहुंचेंगे। यहां वे अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के तहत आयोजित ड्रोन शो, लेजर शो और ग्लोबल डांस कार्यक्रम का अवलोकन करेंगे।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री सायं 7:50 बजे भगवान रघुनाथ जी के शिविर में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। रात 9:35 बजे वे लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र पहुंचेंगे, जहां आयोजित सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।

27 अक्तूबर को दशहरा उत्सव का होगा समापन

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री 27 अक्तूबर को सुबह 10 बजे कुल्लू कार्निवल में भाग लेंगे। इसके बाद वे लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के समापन समारोह में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे के दौरान विकासात्मक गतिविधियों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के प्रमुख कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *