सुरभि न्यूज़
मंडी, हिमाचल प्रदेश
टांडू के पास मंडी-पधर हाईवे पर हुआ हादसा, SDRF, NDRF, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने चलाया चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान
मंडी। हिमाचल प्रदेश में एक साहसिक बचाव अभियान के दौरान बचाव दलों ने अपनी सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए एक रूसी पैराग्लाइडर पायलट की जान बचा ली। बीड़ बिलिंग से उड़ान भरने वाला रूसी पैराग्लाइडर पायलट मंडी-पधर हाईवे पर टांडू के समीप 33 केवी हाई-टेंशन बिजली की तारों में फंस गया। करीब 200 फीट की ऊंचाई पर तारों में फंसा पायलट लगभग तीन घंटे तक हवा में लटका रहा। इस दौरान उसकी जान पर गंभीर खतरा मंडराता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचे। हाई-टेंशन बिजली की तारों में फंसे पायलट को सुरक्षित निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था। इसके लिए SDRF, NDRF, अग्निशमन विभाग और पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की सहायता ली गई। SDRF के जवान नवीन कुमार ने अन्य बचाव कर्मियों के साथ समन्वय बनाकर जोखिम भरे हालात में रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। काफी मशक्कत के बाद पैराग्लाइडर पायलट को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
इस साहसिक अभियान ने एक बार फिर साबित किया कि आपदा और संकट की घड़ी में बचाव दलों के जवान किस तरह अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए तत्पर रहते हैं।
ऐसे जांबाज बचाव कर्मियों, विशेषकर SDRF जवान नवीन कुमार और अभियान में शामिल सभी टीमों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम।










