आजादी के बाद छोटाभंगाल के बीड़-बिलिंग-राजगुंधा-बड़ग्रां पहुंची हिमाचल पथ परिवहन निगम की सरकारी बस

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट

छोटाभंगाल घाटी के लोगों के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। करीब छह दशकों से जिस सड़क मार्ग पर सरकारी बस सेवा शुरू होने का इंतजार किया जा रहा था, आखिरकार वह सपना साकार हो गया। बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल के प्रयासों से बीड़-बिलिंग से राजगुंधा और बड़ा ग्रां होते हुए मुल्थान तक सरकारी बस सेवा शुरू कर दी गई है। इस बस सेवा के शुरू होने से दुर्गम छोटाभंगाल घाटी के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, बीड़-बिलिंग से राजगुंधा, बड़ा ग्रां होते हुए मुल्थान तक सड़क निर्माण का कार्य पिछले करीब छह दशकों से रुक-रुक कर चल रहा था। छोटाभंगाल घाटी के लोग लंबे समय से इस सड़क मार्ग पर नियमित सरकारी बस सेवा शुरू करने की मांग उठा रहे थे। विधायक किशोरी लाल ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए लगभग तीन वर्ष पूर्व सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप इस वर्ष सड़क का निर्माण कार्य पूरा हुआ और अब इस मार्ग पर सरकारी बस सेवा भी शुरू हो गई है।

बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे बैजनाथ से मुख्य सड़क मार्ग से परिवहन निगम के अधिकारियों की मौजूदगी में बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह बस बैजनाथ से बीड़-बिलिंग, राजगुंधा और बड़ा ग्रां होते हुए मुल्थान तक पहुंचेगी।

विधायक किशोरी लाल ने बताया कि अब यह सरकारी बस प्रतिदिन दोपहर तीन बजे बैजनाथ से रवाना होगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए मुल्थान पहुंचेगी। मुल्थान में रात्रि ठहराव करने के बाद अगले दिन सुबह सात बजे बस वापस बैजनाथ के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद वर्ष 2026 में छोटाभंगाल घाटी को सीधे मुख्यालय बैजनाथ से जोड़ने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है। इस बस सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी तथा विद्यार्थियों, कर्मचारियों, मरीजों, बुजुर्गों और व्यापारियों को विशेष राहत पहुंचेगी।

गौरतलब है कि अभी तक छोटाभंगाल घाटी के लोगों को बैजनाथ पहुंचने के लिए मंडी जिले की चौहार घाटी होकर लंबा सफर तय करना पड़ता था। इससे लोगों को समय और धन दोनों की परेशानी उठानी पड़ती थी। अब बीड़-बिलिंग-राजगुंधा-बड़ा ग्रां मार्ग पर बस सेवा शुरू होने से यह कठिनाई काफी हद तक दूर होगी।

छोटाभंगाल घाटी के लोगों ने इस बस सेवा को क्षेत्र के विकास और परिवहन सुविधा की दृष्टि से एक बड़ी उपलब्धि बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे संघर्ष और वर्षों के इंतजार के बाद उनकी मांग पूरी हुई है। उन्होंने विधायक किशोरी लाल और परिवहन निगम के अधिकारियों का आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्षेत्र की सड़क और परिवहन सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।

छोटाभंगाल घाटी के लिए यह केवल एक बस सेवा की शुरुआत नहीं, बल्कि छह दशकों के इंतजार के बाद विकास, सुविधा और बेहतर संपर्क की दिशा में एक नए युग का आगाज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *