सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
विद्युत उपमंडल बरोट के अंतर्गत 11 केवी झटिंगरी–थल्टूखोड़ फीडर की पुरानी विद्युत तारों को बदलकर नई आधुनिक एवं उच्च क्षमता वाली तारें बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विद्युत उपमंडल बरोट के सहायक अभियंता राहुल ठाकुर ने बताया कि टिक्कन से तेरिंग गांव तक विद्युत लाइन को अपग्रेड करने का कार्य 10 नवंबर से शुरू हुआ है। यह कार्य 12, 14 और 16 नवंबर को भी जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के चलते धमच्याण, लटराण और तरस्वाण पंचायतों के अंतर्गत आने वाले गढ़ गांव, धार, समालंग, तरस्वाण तथा मठी वजगाण सहित आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी।
सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथियों पर यदि मौसम खराब रहता है तो कार्य अगले दिन भी जारी रखा जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से जियो, एयरटेल, वोडाफोन और बीएसएनएल के मोबाइल टावरों के संचालकों तथा डीजी सेट मालिकों से आग्रह किया है कि बिजली बंद रहने के दौरान जनरेटर से होने वाली विद्युत आपूर्ति किसी भी सूरत में वापस मुख्य विद्युत लाइन में प्रवाहित न हो।
उन्होंने क्षेत्र के समस्त विद्युत उपभोक्ताओं से विभाग द्वारा किए जा रहे इस आवश्यक कार्य में सहयोग करने की अपील की है।











