सुधीर कुमार ने संभाला पार्बती-II पावर स्टेशन के प्रमुख का कार्यभार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

नगवाई, कुल्लू : 11 नवंबर

एनएचपीसी में 28 वर्षों से अधिक का अनुभव, सलाल से पार्बती परियोजना तक विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर दे चुके हैं सेवाएं

एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारी एवं महाप्रबंधक (यांत्रिक) सुधीर कुमार ने 10 नवंबर, 2026 को पार्बती-II पावर स्टेशन (800 मेगावाट) के पावर स्टेशन प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने नगवाई स्थित पावर स्टेशन के प्रशासनिक परिसर में अपना पदभार ग्रहण किया।

इससे पूर्व सुधीर कुमार 9 नवंबर, 2026 तक पार्बती-III पावर स्टेशन, बिहाली में पावर स्टेशन प्रमुख के पद पर कार्यरत रहे। उल्लेखनीय है कि पार्बती-II परियोजना के साथ उनका पुराना जुड़ाव रहा है। वे इस परियोजना के पावर हाउस में शुरुआत से लेकर कमीशनिंग तक (Concept to Commissioning) महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

सुधीर कुमार ने 12 नवंबर, 1998 को एनएचपीसी के सलाल पावर स्टेशन से अपने सेवाकाल की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2004 से 2008 तक चमेरा-II पावर स्टेशन तथा वर्ष 2009 से 2020 तक पार्बती परियोजना चरण-II में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2021 में उन्होंने चिनाब वैली पावर प्रोजेक्ट की पकलदुल परियोजना में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।

इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में उन्होंने 500 मेगावाट की निर्माणाधीन डुगर जलविद्युत परियोजना में परियोजना प्रमुख के रूप में सेवाएं प्रदान कीं। वहीं, 30 जुलाई, 2025 से पार्बती-III पावर स्टेशन में अपनी जिम्मेदारी संभालते हुए उन्होंने अपने अनुभव, कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक दक्षता से पावर स्टेशन के संचालन एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पार्बती-II पावर स्टेशन के प्रमुख का कार्यभार संभालने के बाद सुधीर कुमार ने विभिन्न विभागों में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, कौशल और मेहनत के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्मिक आपसी सहयोग और समर्पण के साथ कार्य करते हुए देश के इस अग्रणी पावर स्टेशन और निगम को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

उनके पार्बती-II पावर स्टेशन के प्रमुख बनने से परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ कार्य करने की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *