नटराज संस्कृति कला मंच घुमारवीं की कमान संभालेंगे वरिष्ठ पत्रकार रामलाल पाठक

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, घुमारवीं (बिलासपुर)

सर्वसम्मति से चुने गए प्रधान, फूलां चन्देल को दी भावभीनी श्रद्धांजलि; नई कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा

राष्ट्रीय स्तर पर अपनी लोक संस्कृति की पहचान बना चुके नटराज संस्कृति कला मंच घुमारवीं की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। मंच का साधारण अधिवेशन शिवांशु चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान मंच की पूर्व अध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना स्वर्गीय फूलां चन्देल के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

अधिवेशन में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नए सिरे से चुनाव करवाए गए। चुनाव में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार रामलाल पाठक को सर्वसम्मति से मंच का प्रधान चुना गया। वहीं, स्वर्गीय फूलां चन्देल की पुत्रवधू श्वेता चौहान को वरिष्ठ उपप्रधान, लोकगायक प्रकाश चन्द शर्मा को उपप्रधान, नाटक निर्देशक बलदेव लखनपाल को महासचिव, गायिका पूजा कुमारी को सहसचिव तथा लोकगायिका रीमा भारद्वाज को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा नील कमल को प्रचार सचिव नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी सदस्यों के रूप में कौशल्या देवी, जगदीश बिट्टू और काजल का चयन किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने स्वर्गीय फूलां चन्देल के दिखाए मार्ग पर चलते हुए हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

नवनिर्वाचित प्रधान रामलाल पाठक ने कहा कि मंच का मुख्य उद्देश्य बिलासपुर जिले की विशुद्ध लोक संस्कृति को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना रहेगा। इसके लिए लोक कला, गीत-संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मंच पूर्व वर्षों की भांति केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाएगा।

उन्होंने बताया कि मंच की आगामी बैठक में अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा कर भविष्य की गतिविधियों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी तीन वर्षों का होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *