सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
देवताओं के नजराने और बजंतरियों के मानदेय पर 1.41 करोड़ से अधिक खर्च; स्थानीय पत्रकारों को विज्ञापन के नाम पर सीमित राशि, जबकि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स पर प्रशासन ने किया लाखों का खर्च
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव 2026 में स्टार कलाकारों, सांस्कृतिक दलों, देवी-देवताओं, बजंतरियों और अतिथियों की आवभगत पर हुए खर्च का ब्योरा विधानसभा में सामने आया है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार की ओर से पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी गई है।
विधायक लोकेंद्र कुमार ने पांच बिंदुओं में सवाल पूछकर कलाकारों को किए गए भुगतान, देवी-देवताओं के नजराने, बजंतरियों के मानदेय, अतिथियों के लिए बुक किए गए होटलों और अन्य खर्चों का विवरण मांगा था। संबंधित विभाग के मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री की ओर से दिए गए लिखित जवाब में उत्सव के दौरान हुए खर्च का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया।
सतिंदर सरताज को सर्वाधिक 35.40 लाख रुपये
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में स्टार कलाकार सतिंदर सरताज को सबसे अधिक 35 लाख 40 हजार रुपये का भुगतान किया गया। इसके अलावा प्लेबैक सिंगर सलमान अली को 10 लाख 65 हजार रुपये तथा गायक काका को 10 लाख 50 हजार रुपये दिए गए।
विदेश से आए सांस्कृतिक दल को कोरियोग्राफी एवं प्रस्तुति के लिए 10 लाख रुपये का भुगतान किया गया। स्टार कलाकारों सहित अन्य विदेशी कलाकारों को मिलाकर कुल 71.85 लाख रुपये खर्च किए गए। वहीं, 357 स्थानीय कलाकारों सहित अन्य कलाकारों के लिए कुल 81.74 लाख रुपये की राशि मंजूर की गई।
286 देवी-देवताओं को मिला 76.65 लाख का नजराना
21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में कुल 286 देवी-देवताओं ने भाग लिया। इन्हें नजराने के रूप में 76 लाख 65 हजार 598 रुपये भेंट किए गए। वहीं, देवी-देवताओं के साथ आने वाले बजंतरियों को मानदेय के रूप में 65 लाख 28 हजार 192 रुपये प्रदान किए गए। इस तरह नजराने और बजंतरियों के मानदेय पर कुल 1 करोड़ 41 लाख 93 हजार 790 रुपये खर्च हुए।
24 होटलों का बिल 63.93 लाख रुपये
उत्सव के दौरान अतिथियों के ठहरने के लिए 24 होटलों की बुकिंग की गई, जिनका कुल बिल 63 लाख 93 हजार रुपये बताया गया है। जवाब में यह भी स्पष्ट किया गया कि दशहरा उत्सव समिति को आयोजन के खर्च के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार से कोई धनराशि प्राप्त नहीं हुई।
स्थानीय पत्रकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के भुगतान और होटल में ठरने पर उठे सवाल
दशहरा उत्सव के दौरान मीडिया प्रचार-प्रसार पर किए गए खर्च को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रिंट मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को विज्ञापन के नाम पर 40 हजार, 30 हजार और 12 हजार रुपये जैसी प्रति प्रिंट व सोशल मिडिया को सीमित राशि देकर औपचारिकता पूरी किए जाने की बात सामने आई है।
दूसरी ओर, प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सात दिनों के लिए विशेष रूप से हायर किया गया, जिन्हें अच्छी खासी राशि का भुगतान किए जाने की जानकारी है। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि पूरे वर्ष सरकार की विकासात्मक योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और प्रशासनिक सूचनाओं को जनता तक पहुंचाने वाले स्थानीय पत्रकारों के योगदान का मूल्यांकन किस आधार पर किया गया?
स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि वे सालभर बिना किसी विशेष आयोजन के भी सरकार, प्रशासन और विभिन्न विभागों की गतिविधियों को जनता तक पहुंचाते हैं। ऐसे में बड़े आयोजनों के दौरान स्थानीय मीडिया को उचित सम्मान और पारदर्शी विज्ञापन नीति के तहत अवसर मिलना चाहिए।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की भूमिका अपनी जगह महत्वपूर्ण हो सकती है, लेकिन यह भी विचारणीय है कि उन्हें प्रशासन से भुगतान मिलने के साथ-साथ अपने सोशल मीडिया पेजों से अलग आय अर्जित करने के अवसर भी मिलते हैं। ऐसे में स्थानीय पत्रकारों और इन्फ्लुएंसर्स के भुगतान के बीच अंतर के आधार और चयन प्रक्रिया को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
दशहरा उत्सव में पत्रकारों ने उठाई रात्रि ठहराव की उचित व्यवस्था की मांग
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान पत्रकारों ने रात्रि ठहराव की व्यवस्था को लेकर भी अपनी आवाज उठाई है। पत्रकारों का कहना है कि उत्सव की कवरेज के लिए उन्हें जिन होटलों में ठहरने की व्यवस्था दी गई थी, वे आयोजन स्थल से काफी दूर थे। इसके चलते उन्हें देर रात होटल तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
पत्रकारों के अनुसार, दशहरा उत्सव के दौरान उन्हें रात करीब 10 बजे तक कार्यक्रमों की कवरेज करनी पड़ती थी। इसके बाद खाना आदि खाने के बाद वे लगभग 11 बजे तक ही फ्री हो पाते थे। ऐसे में देर रात आयोजन स्थल से दूर स्थित होटलों तक पहुंचना उनके लिए चुनौती बन जाता था। कई बार उन्हें टैक्सी या अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ा और इसका खर्च भी अपनी जेब से उठाना पड़ा।
पत्रकारों का कहना है कि एक ओर वे दिन-रात मेहनत करके दशहरा उत्सव की गतिविधियों को देश-दुनिया तक पहुंचाने का काम करते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके ठहरने की उचित व्यवस्था न होने से उन्हें अनावश्यक परेशानियां झेलनी पड़ती हैं।
उन्होंने मांग उठाई है कि आगामी वर्षों में दशहरा उत्सव के दौरान पत्रकारों के रात्रि ठहराव की व्यवस्था आयोजन स्थल के आसपास या आयोजन स्थल से जुड़े होटलों में ही की जाए, ताकि कवरेज समाप्त करने के बाद उन्हें देर रात दूर जाने की परेशानी न उठानी पड़े।
पत्रकारों का कहना है कि उत्सव के सफल आयोजन में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में आयोजक समिति को पत्रकारों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।
अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन का बड़ा आयोजन है। इसलिए आयोजन पर होने वाले प्रत्येक खर्च में पारदर्शिता के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों, पत्रकारों और मीडिया संस्थानों को भी उचित महत्व दिया जाना आवश्यक है।











