सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू
हेड कांस्टेबल मुरारी लाल की लाड़ली ने मेहनत और लगन से हासिल किया मुकाम, सहायक जिला न्यायवादी के पद से शुरू हुआ था प्रशासनिक सफर
मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र के छोटे से गांव बैहना की बेटी बबीता धीमान को कुल्लू जिले की नई सहायक आयुक्त नियुक्त किया गया है। वर्ष 2023 बैच की एचएएस अधिकारी बबीता धीमान ने हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा में टॉप-5 में स्थान हासिल कर प्रदेशभर में अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया था। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहते हैं।
बबीता धीमान इससे पहले बिलासपुर जिले के घुमारवीं में सहायक आयुक्त (राजस्व) सह- तहसीलदार के पद पर सेवाएं दे रही थीं। अब उन्हें कुल्लू जिला प्रशासन में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस परिवार से रखती हैं संबंध
बबीता धीमान मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के बैहना गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता मुरारी लाल हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं, जबकि माता शीला देवी गृहिणी हैं। साधारण परिवार में पली-बढ़ीं बबीता ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर प्रशासनिक सेवा में स्थान बनाया है।
सहायक जिला न्यायवादी से शुरू हुआ करियर
प्रशासनिक सेवा में आने से पहले बबीता धीमान सुंदरनगर न्यायालय में सहायक जिला न्यायवादी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने एचएएस परीक्षा की तैयारी की और वर्ष 2023 में घोषित परीक्षा परिणाम में टॉप-5 में जगह बनाई। तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन चार से पांच घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं। उनकी इस निरंतर मेहनत ने उन्हें प्रदेश की प्रतिष्ठित प्रशासनिक सेवा तक पहुंचाया।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणास्रोत
बबीता धीमान की सफलता की कहानी बताती है कि किसी बड़े संस्थान या विशेष संसाधनों के बिना भी दृढ़ इच्छाशक्ति और नियमित मेहनत के दम पर सफलता हासिल की जा सकती है। कुल्लू में सहायक आयुक्त के रूप में उनकी नई नियुक्ति उनके प्रशासनिक सफर का एक नया अध्याय है। मंडी की इस बेटी की उपलब्धि से उनके पैतृक क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।











