कुल्लू जिला के बंजार में सामुदायिक वन अधिकारों की मान्यता की दिशा में बड़ी उपलब्धि, 238 समितियों के दावे तैयार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
गुशैनी/बंजार (परस राम भारती)

वन अधिकार अधिनियम, 2006 के तहत स्थानीय समुदायों को सामुदायिक वन अधिकार दिलाने की दिशा में बंजार उपमंडल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उपमंडल की 45 ग्राम पंचायतों में गठित 238 वन अधिकार समितियों के सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों से संबंधित दावे तैयार कर लिए गए हैं। इनमें से 173 समितियों को अधिकार पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि शेष 65 समितियों के दावों की फाइलें जिला स्तरीय समिति को भेजने का निर्णय लिया गया है।

इस संबंध में शुक्रवार को उपमंडल स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक एसडीएम बंजार पंकज शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शेष 65 समितियों के दावों से संबंधित दस्तावेजों की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने सभी दस्तावेजों को वन अधिकार अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुरूप सही पाए जाने के बाद आगामी प्रक्रिया एवं अंतिम निर्णय के लिए जिला स्तरीय समिति को भेजने का फैसला लिया।

बैठक में तहसीलदार एवं समिति के सदस्य सचिव नीरज शर्मा, खंड विकास अधिकारी बंजार ललित कुमार, खंड विकास अधिकारी भुंतर के प्रतिनिधि, सहायक वन संरक्षक सराज, सहायक वन संरक्षक (वन्यजीव) शमशी के अधिकारी, समिति प्रतिनिधि भूमा देवी, तारा देवी और लोत राम सहित सहारा संस्था के निदेशक राजेंद्र चौहान, बोर्ड सदस्य हरि सिंह तथा अन्य सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एसडीएम पंकज शर्मा ने बताया कि बंजार उपमंडल के अंतर्गत कुल 45 ग्राम पंचायतें आती हैं। इनमें 40 पंचायतें बंजार विकास खंड और पांच पंचायतें भुंतर विकास खंड के अंतर्गत हैं। इन सभी पंचायतों में कुल 238 वन अधिकार समितियों का गठन किया गया है और सभी समितियों के सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों से संबंधित दावे तैयार किए जा चुके हैं।

वर्ष 2016 से गांव-गांव में चल रहा जागरूकता अभियान
सहारा गैर-सरकारी संस्था के निदेशक राजेंद्र चौहान ने बताया कि संस्था वर्ष 2016 से सामुदायिक वन अधिकारों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने और अधिनियम की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। इस अभियान में प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय समुदायों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा है।जिला स्तर पर संस्था के बोर्ड सदस्य हितेश्वर सिंह ने भी अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से 2026 के बीच प्रशासन और उपमंडल स्तरीय समिति के निरंतर सहयोग से इस प्रक्रिया को गति मिली। नियमित बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और स्थानीय लोगों की भागीदारी से दावों को तैयार करने का कार्य आगे बढ़ा। इस दौरान पंचायत सचिवों, वन अधिकार समितियों के प्रतिनिधियों, दावेदारों, महिलाओं, देव कारदारों, पंचायत समिति सदस्यों तथा वन एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

राजेंद्र चौहान ने हिमालय नीति अभियान के राष्ट्रीय समन्वयक गुमान सिंह और अभियान के सचिव संदीप मिन्हास के योगदान की सराहना की। उन्होंने बताया कि दोनों ने बंजार क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर बैठकें आयोजित कीं तथा ग्रामीणों को वन अधिकार अधिनियम की प्रक्रिया समझाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इसके अलावा खंड स्तर पर वन अधिकार समन्वय समिति के सदस्यों, जिला परिषद सदस्य विभा सिंह और पूर्ण चंद का भी सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर लंबित फाइलों को समिति के समक्ष रखने और अनुमोदन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में इनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है।

अब वन संसाधन प्रबंधन योजना तैयार करने पर रहेगा जोर
राजेंद्र चौहान ने बताया कि बंजार उपमंडल में सामुदायिक वन संसाधन अधिकारों से संबंधित सभी 238 दावों को तैयार करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अधिकार पत्र जारी होने और शेष मामलों पर जिला स्तरीय समिति के निर्णय के बाद अब अगला महत्वपूर्ण चरण सामुदायिक वन संसाधन अधिकार प्रबंधन योजना तैयार करना और उसे लागू करना होगा। इसके लिए प्रारंभिक स्तर पर कार्य शुरू कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि वन अधिकार अधिनियम का उद्देश्य केवल अधिकार पत्र जारी करवाना नहीं है, बल्कि स्थानीय समुदायों की भागीदारी से वन संसाधनों का संरक्षण, संवर्धन और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए पंचायतों, संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

अंत में सहारा संस्था के निदेशक राजेंद्र चौहान ने एसडीएम बंजार, उपमंडल एवं जिला स्तरीय वन अधिकार समितियों के सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों, वन एवं राजस्व विभाग के कर्मचारियों, हिमालय नीति अभियान तथा सभी सामाजिक सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आगामी चरण में भी सभी से एकजुट होकर सामुदायिक वन संसाधन अधिकार प्रबंधन योजना को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *