मंडी में खुला यूआईडीएआई आधार सेवा केंद्र, सप्ताह के सातों दिन मिलेगी सुविधा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, मंडी

मंडी में खुला यूआईडीएआई आधार सेवा केंद्र, सप्ताह के सातों दिन मिलेगी सुविधा। नाम, पता, जन्मतिथि में सुधार सहित फिंगरप्रिंट और आइरिस अपडेट की सेवाएं उपलब्ध : सुबह 9 से शाम 5:30 बजे तक रहेगा खुला केंद्र

मंडी जिला के नागरिकों को अब आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) द्वारा संचालित अधिकृत आधार सेवा केंद्र मंडी के सौली खड्ड में स्थापित किया गया है। यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन नागरिकों को आधार से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।

केंद्र के ऑपरेशन मैनेजर सुशील कुमार ने बताया कि यहां नए आधार कार्ड के नामांकन के साथ-साथ आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और लिंग में सुधार एवं अपडेट करवाने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो अपडेट जैसी बायोमेट्रिक सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं। नागरिक केंद्र में आधार कार्ड प्रिंट करवाने और डाउनलोड करने में भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस केंद्र में हिमाचल प्रदेश के अलावा देश के अन्य राज्यों से आने वाले नागरिक भी आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। यूआईडीएआई के निर्धारित नियमों और पात्रता के अनुसार पात्र विदेशी निवासियों के लिए भी आधार नामांकन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

सुशील कुमार ने कहा कि मंडी में आधार सेवा केंद्र खुलने से विशेष रूप से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिनकी आधार कार्ड में जन्मतिथि अपडेट करवाने की निर्धारित सीमा समाप्त हो चुकी है। ऐसे मामलों में विशेष प्रक्रिया (एक्सेप्शन केस) के तहत जन्मतिथि में सुधार करवाने के लिए अब चंडीगढ़ या शिमला जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वरिष्ठ नागरिकों सहित सभी लोग मंडी स्थित केंद्र में पहुंचकर अपनी जरूरत के अनुसार सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि आधार सेवा केंद्र होटल पारस के नजदीक, ग्राउंड फ्लोर, सौली खड्ड, मंडी में स्थित है। केंद्र सोमवार से रविवार तक सप्ताह के सभी सातों दिन सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहेगा। आधार संबंधी जानकारी और सहायता के लिए नागरिक यूआईडीएआई की हेल्पलाइन नंबर 1947 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *