चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत कुल्लू में होंगी आठ खेल प्रतियोगिताएं, 30 नवंबर तक करें ऑनलाइन पंजीकरण

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 22 नवंबर

जिले के पांचों उपमंडलों में लड़के और लड़कियों के वर्ग में होंगी प्रतियोगिताएं, कबड्डी, वॉलीबॉल, क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में दिखेगा युवाओं का दमखम

युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘खेलो हिमाचल अभियान–चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के तहत कुल्लू जिले के पांचों उपमंडलों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में लड़कों और लड़कियों के वर्ग में आठ खेलों को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों और टीमों के ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर, 2026 निर्धारित की गई है।

प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को उपायुक्त कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है।

अभियान के तहत कबड्डी, वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, कुश्ती, बैडमिंटन, रस्साकशी और क्रिकेट सहित आठ खेलों का चयन किया गया है। प्रत्येक उपमंडल में प्रतियोगिताओं के आयोजन की तिथियां, समय-सारणी और खेल मैदानों व इनडोर स्टेडियम का चयन जल्द ही अंतिम रूप से किया जाएगा।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायतों और शिक्षण संस्थानों का सहयोग लिया जाए। पंचायत अधिकारी प्रत्येक ग्राम पंचायत से महिला और पुरुष वर्ग की प्रत्येक खेल में एक-एक टीम की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। वहीं, व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा।

इसके अलावा उपमंडलाधिकारी और शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अपने-अपने क्षेत्रों के महाविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, तकनीकी संस्थानों तथा औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। साथ ही प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक तकनीकी अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी।

उपायुक्त ने आयोजन स्थलों पर खेल मैदानों की साफ-सफाई, समतलीकरण, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के दौरान एंबुलेंस, चिकित्सा दल और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए स्थानीय प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग सहित महाविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने जिले के सभी युवाओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लें और 30 नवंबर तक अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाएं। उन्होंने युवाओं से ‘चिट्टा मुक्त हिमाचल’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला खेल अधिकारी कविता ठाकुर ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर, एसडीएम जय बंती ठाकुर, समिति के सदस्य, उपमंडल स्तर पर नियुक्त नोडल अधिकारी तथा विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *