विलुप्त होती पहाड़ी लोक संस्कृति को अपनी सुरीली आवाज से संजो रहे मेदू सकलानी

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

खुशी राम ठाकुर, बरोट

20 वर्षों से पहाड़ी गीतों के लेखन और गायन में जुटे मेदू सकलानी, पारंपरिक लोकगीतों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कर रहे प्रयास

आज के दौर में जहां कई लोक गायक पारंपरिक लोकगीतों से दूर होकर नए और आधुनिक गीतों को प्राथमिकता दे रहे हैं, वहीं चौहार घाटी के उभरते पहाड़ी गीतकार एवं लोकगायक मेदू सकलानी विलुप्त होती जा रही पहाड़ी लोक संस्कृति को अपने गीतों और सुरीली आवाज के माध्यम से संजोने में जुटे हुए हैं। वह पारंपरिक पहाड़ी गीतों को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ संगीत प्रेमियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर मेहनत कर रहे हैं।

जिला मंडी की चौहार घाटी की धमच्याण पंचायत के ग्रामण गांव में नानक चंद के घर जन्मे मेदू सकलानी एक साधारण एवं गरीब परिवार से संबंध रखते हैं। बरोट में पत्रकार से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह पिछले लगभग 20 वर्षों से पहाड़ी गीतों के लेखन और गायन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने कई पहाड़ी गीत लिखे हैं तथा दर्जनों पारंपरिक लोकगीतों को अपनी मधुर आवाज में गाकर अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया है।

मेदू सकलानी ने हाल ही में देवादि देव हुरंग नारायण से संबंधित एक पहाड़ी भजन स्वयं लिखा और उसे अपनी सुरीली आवाज में गाकर अपने ‘मेदू सकलानी’ नामक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है। उनके इस भजन को संगीत प्रेमियों और प्रशंसकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है।

उनके द्वारा पहाड़ी भाषा में लिखे और गाए गए भजनों एवं लोकगीतों के माध्यम से क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति, लोक आस्था और संगीत विरासत को सहेजने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ संगीत प्रेमी भी उनके इस प्रयास की प्रशंसा कर रहे हैं।

मेदू सकलानी का कहना है कि पहाड़ी लोक संस्कृति हमारी पहचान है। इसे जीवित रखना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना बेहद जरूरी है। वह अपनी पारंपरिक संस्कृति और लोक संगीत को हमेशा आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

मेदू सकलानी का यह संगीत सफर उन कलाकारों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपनी मिट्टी, भाषा और लोक संस्कृति से जुड़कर कला के माध्यम से अपनी पहचान बनाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *