प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एसजेवीएन की बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट राष्ट्र को  की समर्पित 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़ 

प्रताप अरनोट, शिमला 

1320 मेगावाट क्षमता के साथ पूर्ण हुई परियोजना, 7,221 करोड़ रुपये का निवेश, बिहार की बिजली जरूरतों को मिलेगी मजबूती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली से वर्चुअल माध्यम द्वारा एसजेवीएन की 1320 मेगावाट क्षमता वाली बक्सर ताप विद्युत परियोजना की दूसरी यूनिट (660 मेगावाट) राष्ट्र को समर्पित की। इस यूनिट के लोकार्पण के साथ ही परियोजना की दोनों यूनिटें चालू हो गई हैं और परियोजना ने अपनी पूर्ण स्थापित क्षमता हासिल कर ली है।

एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) द्वारा विकसित इस महत्वाकांक्षी परियोजना की दूसरी यूनिट पर 7,221.09 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री, उपमुख्यमंत्री, राज्य मंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

बिहार के बक्सर जिले के चौसा में स्थित यह परियोजना 2×660 मेगावाट क्षमता की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 मार्च, 2019 को इसकी आधारशिला रखी थी, जबकि 22 अगस्त, 2025 को पहली यूनिट (660 मेगावाट) का उद्घाटन किया गया था। अब दूसरी यूनिट के राष्ट्र को समर्पित होने के साथ परियोजना की कुल संशोधित स्वीकृत लागत 14,269.40 करोड़ रुपये के अनुरूप इसका निर्माण कार्य पूर्ण क्षमता तक पहुंच गया है।

प्रतिवर्ष 9,828 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का लक्ष्य
बक्सर ताप विद्युत परियोजना को 85 प्रतिशत प्लांट उपलब्धता फैक्टर पर प्रतिवर्ष लगभग 9,828.72 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन के लिए डिजाइन किया गया है। अनुमान है कि परियोजना अपने 25 वर्षों के परिचालन काल में लगभग 2,45,718 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन करेगी। इसमें उत्पादित बिजली का 85 प्रतिशत हिस्सा दीर्घकालिक विद्युत खरीद समझौते के तहत बिहार राज्य को आवंटित किया गया है।

परियोजना में अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी और आधुनिक उत्सर्जन नियंत्रण प्रणाली का इस्तेमाल किया गया है। इससे बिजली उत्पादन की दक्षता बढ़ाने के साथ कोयला आधारित विद्युत उत्पादन के पर्यावरणीय प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी। घरेलू कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के साथ ईंधन आपूर्ति समझौता भी किया गया है।

बिहार सहित पूर्वी क्षेत्र की बिजली व्यवस्था होगी मजबूत
परियोजना से उत्पादित बिजली बिहार की बढ़ती विद्युत मांग, विशेषकर अधिक खपत वाले समय में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके साथ ही पूर्वी क्षेत्रीय पावर ग्रिड की विश्वसनीयता और स्थिरता को भी मजबूती मिलेगी। इससे औद्योगिक इकाइयों, कृषि क्षेत्र, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और घरेलू उपभोक्ताओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
65 हजार श्रमिकों को मिला रोजगार

परियोजना के निर्माण के दौरान लगभग 65 हजार श्रमिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए गए। इसके अलावा निर्माण कार्य में लगभग 2,54,932 मीट्रिक टन स्टील और 2,84,291 मीट्रिक टन सीमेंट जैसी घरेलू सामग्रियों का उपयोग किया गया। इससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूती मिली है।

एसजेवीएन ने परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) और सतत विकास के तहत विभिन्न सामुदायिक विकास कार्यक्रम भी संचालित किए हैं, ताकि स्थानीय लोगों को बिजली उत्पादन के साथ सामाजिक और आर्थिक विकास का लाभ भी मिल सके।

उल्लेखनीय है कि एसजेवीएन लिमिटेड की स्थापना 24 मई, 1988 को भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में हुई थी। विद्युत मंत्रालय के अधीन नवरत्न सीपीएसई एसजेवीएन की वर्तमान स्थापित क्षमता 4,931.50 मेगावाट है, जबकि 3,860.50 मेगावाट क्षमता की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। कंपनी भारत और नेपाल में अपनी परियोजनाओं का विस्तार करते हुए देश की ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *