चौहार घाटी के बरधान स्कूल में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट

चौहार घाटी की राजकीय माध्यमिक पाठशाला वरधान में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में वरधान-धमच्यान पंचायत के बीडीसी सदस्य मनोहर लाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

पाठशाला पहुंचने पर मुख्याध्यापक हुक्म चंद की अगुवाई में स्कूल स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलदेव सिंह एवं समस्त सदस्यों, विद्यार्थियों तथा अभिभावकों ने मुख्यातिथि का फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्याध्यापक हुक्म चंद और स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बलदेव सिंह ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह, हिमाचली टोपी, मफलर और बैज भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह के दौरान स्कूली छात्राओं ने आकर्षक पहाड़ी नाटियां प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। वहीं, मुख्याध्यापक हुक्म चंद ने पाठशाला की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक एवं अन्य गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्यातिथि के समक्ष पाठशाला में पेश आ रही विभिन्न समस्याओं को भी रखा तथा उनके समाधान की मांग उठाई।
मुख्यातिथि मनोहर लाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्कूलों में इस प्रकार के वार्षिक समारोह आयोजित करने से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बच्चों को विभिन्न प्रकार के नशों से दूर रहने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यातिथि मनोहर लाल ने अपनी ओर से पाठशाला को 10,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को 2,100 रुपये तथा छठी से दसवीं कक्षा तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 500-500 रुपये की नकद राशि देकर प्रोत्साहित किया।
समारोह के समापन अवसर पर मुख्यातिथि ने पाठशाला की ओर से शैक्षणिक एवं विभिन्न सह-पाठयक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों और अभिभावकों की उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *