शिमला विंटर टूरिज्म एक्सपो में छाए हिमाचल के होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन को मिला बढ़ावा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

शिमला (परस राम भारती)

चंबा, कुल्लू और शिमला के पारिवारिक होमस्टे बने आकर्षण का केंद्र, हिमाचली होमस्टे एसोसिएशन की अध्यक्षा तनुजा धांटा ने निभाई अहम भूमिका।

राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर हॉल, द रिज में आयोजित तीन दिवसीय विंटर ट्रैवल एग्जीबिशन एवं टूरिज्म एक्सपो का रविवार को समापन हुआ। 20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने किया था। इसमें हिमाचल सहित देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटन प्रतिनिधियों और व्यवसायियों ने भाग लिया।

प्रदर्शनी में हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और शिमला जिले के पारिवारिक होमस्टे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। होमस्टे संचालकों ने अपने स्टॉल के माध्यम से हिमाचली संस्कृति, पारंपरिक खान-पान, स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पहाड़ी जीवनशैली को प्रदर्शित किया। इससे उन्हें देशभर के ट्रैवल एजेंटों और पर्यटन व्यवसायियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिला।

इस आयोजन में हिमाचली होमस्टे एसोसिएशन की अध्यक्षा तनुजा धांटा के नेतृत्व में टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन का उद्देश्य छोटे गांवों और ग्रामीण परिवारों के होमस्टे को पर्यटन बाजार से जोड़ना तथा स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक पहाड़ी आतिथ्य को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं होमस्टे संचालन, पारंपरिक भोजन तैयार करने और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति से परिचित करवाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।

प्रदर्शनी के दौरान सतत पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। समापन समारोह में जिला शिमला के बाल विकास विभाग की महिला अधिकारी ममता पॉल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। गोवा, मेघालय, बिहार और हिमाचल सहित विभिन्न राज्यों के स्टॉल भी प्रदर्शनी का हिस्सा रहे।

इस अवसर पर कुल्लू से रितम ठाकुर, परस राम भारती और सतीश ठाकुर, चंबा से विनायक धामी व उनके सहयोगी तथा शिमला से दविंद्र चौहान, पीयूष शर्मा, सरोज वर्मा, मोहन भार्गव, सुरेश शर्मा, विशन दास शर्मा, अशेष शर्मा, रजत चौहान, नवीन शर्मा, राधिका शर्मा और पुनीत चौधरी सहित एसोसिएशन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इस तीन दिवसीय एक्सपो ने हिमाचल के छोटे पारिवारिक होमस्टे को राष्ट्रीय पर्यटन बाजार में पहचान दिलाने के साथ ग्रामीण पर्यटन, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में नई संभावनाएं प्रस्तुत कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *