भारत-नेपाल ऊर्जा सहयोग को नई मजबूती, 669 मेगावाट लोअर अरुण परियोजना का संयुक्त शिलान्यास

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

प्रताप अरनोट, नई दिल्ली /शिमला 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने किया वर्चुअल शिलान्यास, 5,792 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी जलविद्युत परियोजना

भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग को नई मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली से आयोजित वर्चुअल समारोह के माध्यम से नेपाल में एसजेवीएन की 669 मेगावाट क्षमता वाली लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। करीब 5,792 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित होने वाली यह परियोजना दोनों देशों के बीच ऊर्जा साझेदारी और स्वच्छ ऊर्जा विकास को नई गति प्रदान करेगी।

इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का भी एसजेवीएन पर विकास साझेदार के रूप में विश्वास जताने के लिए धन्यवाद किया। साथ ही परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियां एवं अनुमोदन शीघ्र प्राप्त करने में सहयोग देने के लिए भारत और नेपाल सरकार के विद्युत मंत्रालय, विदेश मंत्रालय तथा अन्य संबंधित मंत्रालयों का आभार जताया।

परियोजना स्थल पर भी इस अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नेपाल सरकार के ऊर्जा मंत्रालय, नेपाल निवेश बोर्ड, जिला समन्वय समिति, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों, नगर प्रमुखों, गांव पालिका प्रमुखों, वार्ड प्रतिनिधियों, वन विभाग, सामुदायिक वन उपभोक्ता समूहों तथा स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। एसजेवीएन के प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखकर सहभागिता की।

संखुवासभा और भोजपुर जिलों में होगा परियोजना का निर्माण

669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का विकास पूर्वी नेपाल के संखुवासभा और भोजपुर जिलों में अरुण नदी पर किया जा रहा है। इस परियोजना का निर्माण एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन लोअर अरुण पावर डेवलपमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (एसएलपीडीसी) द्वारा किया जा रहा है।

परियोजना की अनुमानित लागत 5,792.36 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जबकि इसका अनुमानित बिजली टैरिफ 4.99 रुपये प्रति यूनिट है। परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 2,901 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन होने की संभावना है। इससे नेपाल की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ क्षेत्र में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा की उपलब्धता बढ़ेगी।

अरुण-3 परियोजना के साथ होगा विशेष एकीकरण

लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता इसका एसजेवीएन की 900 मेगावाट क्षमता वाली अरुण-3 जलविद्युत परियोजना के साथ एकीकरण है। दोनों परियोजनाओं को टैंडम ऑपरेशन प्रणाली के तहत विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अरुण-3 परियोजना से छोड़े जाने वाले पानी का उपयोग लोअर अरुण परियोजना में बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा।

इस व्यवस्था से उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा। साथ ही अलग जलाशय का निर्माण किए बिना अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा का उत्पादन संभव हो सकेगा। यह तकनीकी व्यवस्था परियोजना की आर्थिक और परिचालन दक्षता को भी बढ़ाएगी।

वित्त वर्ष 2030-31 तक परियोजना शुरू करने का लक्ष्य

परियोजना में 167.25 मेगावाट क्षमता की चार विद्युत उत्पादन इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त 17.4 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल और सरफेस पावर हाउस का निर्माण किया जाएगा। परियोजना का विकास बिल्ड, ओन, ऑपरेट एंड ट्रांसफर (बूट) आधार पर किया जा रहा है। इसे वित्त वर्ष 2030-31 तक चालू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण के प्रमुख पैकेज आवंटित किए जा चुके हैं और निर्माण संबंधी गतिविधियां प्रगति पर हैं।

नेपाल को मिलेगी 21 प्रतिशत बिजली निःशुल्क

लोअर अरुण परियोजना से नेपाल को दीर्घकालिक आर्थिक और सामाजिक लाभ मिलने की उम्मीद है। परियोजना विकास करार के अनुसार, इससे उत्पादित कुल विद्युत ऊर्जा का 21 प्रतिशत हिस्सा नेपाल सरकार को निःशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। इससे नेपाल की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होने के साथ बिजली की उपलब्धता बढ़ेगी।

यह परियोजना भारत और नेपाल के बीच आपसी विश्वास, तकनीकी सहयोग और साझा विकास का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभरेगी। साथ ही दक्षिण एशिया में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार और क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *