सुरभि न्यूज़ ब्यूरो
बंजार/कुल्लू
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता इंदु पटियाल ने कहा कि पांच राज्यों में हो रहे चुनावों में कांग्रेस को प्रचंड समर्थन मिल रहा है, भाजपा की नीतियों और झूठे वादों से विमुख होकर जनता खुल कर कांग्रेस के पक्ष में उतर रही है बल्कि भाजपा के रूष्ट कार्यकर्ता व असंतुष्ट नेता भी भाजपा का वहिष्कार कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। जिससे भाजपा की केंद्रीय सत्ता सकते में है और गांधी परिवार के विरुद्ध ऊल जलूल आरोप लगाते हुए संकीर्ण मानसिकता और ओछी राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि मोदी के जुमलों और भाजपाई नेताओं का सफेद झूठ के साथ मोदी मीडिया में वेमकसद प्रचार का पर्दाफाश होने से आम जनता का भाजपा से मोहभंग हो गया है। पांच राज्यों में लोकसभा का सेमीफाइनल / चुनावी मुकाबला जीत कर 2024 में कांग्रेस केंद्र की सत्ता में वापसी करेगी।
प्रदेश प्रवक्ता इंदु पटियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी तो पहले ही कहते रहे हैं कि ( मेरा क्या है, मैं तो झोला उठा कर चला जाऊंगा ) तो अब वे अपने झोले में जरूरी सामान रखना आरंभ करें।
अच्छे दिनों का वादा कर दूसरी बार सत्ता में लौटी भाजपा ने जनता को बहुत सताया है। मंहगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बढ़ने के साथ सांप्रदायिक सौहार्द को भंग किया है। लोकतांत्रिक मूल्यों की निजी हितों के लिए हत्या की है। जिस प्रकार हिमाचल में जयराम ठाकुर की सरकार का कार्यकाल नाकामियों से भरा रहा, उसी प्रकार केंद्रीय सत्ता ने भी गरीबों के मुंह से निवाला छीना है।
इंदु पटियाल ने कहा कि पांच राज्यों में चुनावी प्रचार में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कार्यशैली की मिसाल राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा मल्लिकार्जुन खड़गे विशाल जनसभाओं में दे रहे हैं।









