सुरभि न्यूज़ ब्युरो
धर्मपुर, सोलन
मुख्यमंत्री ने कहा मैं आपके लिए आया हूं, आपके लिए काम करूंगा और षड़यंत्रों से डरने वाला नहीं। प्रदेश की संपदा को किसी भी कीमत पर लुटने नहीं दूंगा। जो ईमान बेचकर आये हों, वो क्या सेवा करेंगे। धन नहीं, बल्कि जनता ही वर्तमान राज्य सरकार की ताकत है।
अपने भावुक सम्बोधन में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष शायद सत्ता के भूखे हैं जबकि मुझे कुर्सी से अधिक जनता की सेवा का मोह है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन भर उन्होंने संघर्ष किया, मुसीबतों का डटकर सामना किया है। वर्तमान राज्य सरकार पांच वर्ष का कार्यकाल अवश्य पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि वह राहुल गांधी के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बने हैं और राहुल गांधी ने ही उन्हें गरीबों की ईमानदारी से सेवा करने की राह दिखाई है। वर्तमान राज्य सरकार आमजन की सरकार है और आम आदमी का शोषण कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।










