Listen to this article
सुरभि न्यूज़
हमीरपुर, 07 फरवरी
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के भोरंज क्षेत्र में चार दिन पहले ब्याह कर लाई दुल्हन गहने आदि लेकर फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
शादी के बहाने डेढ़ लाख के साथ ही गहने भी ठग लिए गए। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक भोरंज क्षेत्र की गरसाहड़ पंचायत के गांव साही निवासी जितेश शर्मा से शादी करवाने के के लिए बलदेव शर्मा पुत्र नानक नंद निवासी गांव खरसल, तहसील सरकाघाट जिला मंडी को 1.50 लाख रुपए दिए थे।
बताया कि बीते वर्ष 13 दिसंबर को बलदेव शर्मा ने बबीता पुत्री तेग बहादुर के साथ भोरंज कोर्ट में उसकी शादी करवाई। शिकायत के मुताबिक लड़की के पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं था। ऐसे में वकील के माध्यम से शपथ पत्र के द्वारा शादी करवाई गई।
शादी करवाने वाले ठगों ने जितेश शर्मा व उसके परिजनों को भरोसा दिलाया गया कि युवती के जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज एक हफ्ते में उनको मुहैया उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
उसके बाद जितेश शर्मा ने पूरे विधि अनुसार गांव के मंदिर में युवती के साथ विवाह की रस्में निभाईं। लेकिन शादी के 4 दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन ने गहने और कीमती सामान लेकर कहा कि उसकी मां बहुत बीमार है और वह यमुनानगर, हरियाणा जाना चाहती है।
जिस पर जितेश शर्मा 18 दिसम्बर को अपनी दुल्हन को अस्पताल छोड़ने गया, तो वहां एक महिला और एक लड़की, जोकि शादी वाले दिन भी लड़की के साथ थीं, ने बताया कि मां आईसीयू में भर्ती है और मिलने की अनुमति नहीं है।
इसके बाद दुल्हन ने 2 दिन में वापस आने का वायदा कर उसे घेर भेज दिया। इसके बाद से उसने फोन उठाना ही बंद कर दिया। जब जितेश शर्मा ने शादी करवाने वाले बलदेव शर्मा से संपर्क किया, तो उसने भी पैसे और गहने लौटाने से साफ इंकार कर दिया।
अंततः जितेश शर्मा ने भोरंज थाना में शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।