सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
जिला कुल्लू के तहत आने वाले बेहना–माहोली पुल के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसमें एक दंपत्ति ने सतलुज नदी में छलांग लगा दी। घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी आनी राजीव मेहता ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस चौकी लुहरी की टीम तत्काल मौके पर पहुँची और नदी किनारे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि दंपत्ति की पहचान दूनी चंद (34) पुत्र बलदेव सिंह निवासी बताना भाल्ले डाकघर व तहसील करसोग जिला मंडी तथा उसकी पत्नी सोनिया (27) के रूप में हुई है। दोनों आनी बाजार में किराये पर रह रहे थे, जहां दूनी चंद एक सैलून में काम करता था।
मिली जानकारी के अनुसार बीती मंगलवार रात दूनी चंद अपने रिश्तेदार धनी राम व मोहन लाल के साथ क्वार्टर में बैठकर पार्टी कर रहा था। इसी दौरान दूनी चंद और उसकी पत्नी सोनिया के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। हालांकि रिश्तेदारों ने दोनों को समझाकर मामला शांत कर दिया और रात सभी अपने-अपने कमरे में सो गए। सुबह जब दूनी चंद जागा तो उसने पाया कि उसकी पत्नी सोनिया घर पर नहीं है।
उसने तुरंत अपने चाचा के बेटे को इस बारे में बताया और कार लेकर उसकी तलाश में बेहना की ओर निकल पड़ा। तलाश के दौरान सोनिया सतलुज नदी की ओर भागती दिखाई दी। उसे रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन वह नदी में कूद गई। पत्नी को बचाने की कोशिश में दूनी चंद भी नदी में गिर गया। धनी राम ने पूरे घटनाक्रम को अपनी आँखों से देखा और इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मौके से सोनिया का दुपट्टा और दूनी चंद का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी आनी राजीव मेहता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दंपत्ति के सतलुज में डूबने का मामला सामने आया है। दोनों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।










