लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र व्यक्ति का पंजीकरण और विवेकपूर्ण मतदान अनिवार्य-तोरुल एस. रवीश

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 25 जनवरी
राष्ट्रीय मतदाता दिवस  2026 के उपलक्ष्य में रविवार को देव सदन, कुल्लू में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस समारोह में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तोरुल एस. रवीश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदाताओं की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि एक नागरिक के रूप में हमारा कर्तव्य भी है। हर वोट लोकतंत्र की नींव को सशक्त बनाता है।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान की शपथ दिलाई।
उन्होंने विशेष रूप से नए मतदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही लोकतंत्र का भविष्य है। उन्होंने पात्र युवाओं से अपील की कि वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा की स्वस्थ लोकतंत्र के लिए जागरूक मतदाता तथा बिना किसी प्रभाव के विवेकपूर्ण मतदान करना अनिवार्य है।
इस अवसर पर चुनाव प्रक्रिया के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और नए मतदाता युवाओं को मतदाता पहचान एवं पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
देव सदन में आयोजित इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से कलाकारों ने “मेरा मत, मेरा भविष्य” का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक वद्यालय सुल्तानपुर की छात्राओं ने तथा सुंदर लोक नृत्य कुलवी नाटी प्रस्तुत की। वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुंतर ने लघु नटिका, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कटराईं के छात्रों ने लोकतंत्र की मजबूती के विषय में वक्तव्य तथा भारत भारती स्कूल के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
तहसीलदार निर्वाचन वीना देवी ने सभी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के बारे में जानकारी देते हुए सभी का स्वागत किया। अवसर पर नायब तहसीलदार ज्वाला दास, दयानंद कश्यप, विभिन्न अधिकारी, विर्वाचन विभाग के कर्मचारी और स्थानीय शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *