जिला के बंजार में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, नए मतदाताओं को मिले ईपीआईसी कार्ड

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, बंजार

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपमंडल बंजार में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (सिविल) एवं निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं और नए मतदाताओं को मतदान के अधिकार और उसकी महत्ता के प्रति जागरूक करना रहा।

इस अवसर पर पंकज शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मतदान का अधिकार प्रत्येक नागरिक की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि मतदान के माध्यम से ही जनता अपने प्रतिनिधि का चयन करती है और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है।

कार्यक्रम के दौरान नवपंजीकृत मतदाताओं को निर्वाचक फोटो पहचान पत्र (ईपीआईसी कार्ड) वितरित किए गए। एसडीएम बंजार ने नए मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक होकर करें तथा किसी भी प्रकार के प्रलोभन, दबाव या भय से दूर रहें।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है, ताकि वे सक्रिय रूप से चुनावी व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। कार्यक्रम के दौरान मतदाता पंजीकरण, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) तथा निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।

इस अवसर पर उपमंडल कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारीगण तथा बड़ी संख्या में नवपंजीकृत मतदाता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *