कुल्लू जिला के बंजार में उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता व उत्साह के साथ किया आयोजित 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, बंजार

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार में 76वां गणतंत्र दिवस समारोह सोमवार को पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। मेला मैदान बंजार में आयोजित इस उपमंडल स्तरीय समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, स्कूली बच्चों तथा कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।

समारोह की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने की। उन्होंने प्रातः 11 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य परेड का निरीक्षण करते हुए सलामी ली। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा मैदान देशभक्ति की भावना से गूंज उठा।

इसके पश्चात आयोजित परेड में पुलिस बल, होमगार्ड्स, विभिन्न विभागों तथा एनसीसी/एनएसएस इकाइयों ने अनुशासन, एकता और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परेड की सशक्त प्रस्तुति ने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।

इस दौरान अपने संबोधन में एसडीएम पंकज शर्मा ने क्षेत्रवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार देता है। उन्होंने नागरिकों से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का निष्ठा से पालन करने तथा देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ करने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों और स्थानीय सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीतों, लोक नृत्यों और मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सभी ने सराहना की।

गणतंत्र दिवस के इस शुभ अवसर पर उपमंडल बंजार प्रशासन द्वारा समाज सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले महानुभावों को सम्मानित किया गया।

इसी कड़ी में भाषा, साहित्य, सांस्कृतिक विरासत और शिक्षा के क्षेत्र में आजीवन योगदान के लिए जेएनयू दिल्ली के पूर्व प्रोफेसर एवं डीन तथा रूसी अध्ययन केंद्र के पूर्व अध्यक्ष प्रो. वरयाम सिंह को सम्मानित किया गया। आपदा प्रबंधन वर्ष 2025 में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड बंजार के सहायक अभियंता शशिकांत को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। नशा मुक्ति एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में सराहनीय कार्यों के लिए पर्यटन उद्यमी एवं समाजसेवी पंकी सूद को सम्मानित किया गया।

सतत एवं ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तीर्थन स्थित राजू भारती होमस्टे के संचालक रंजीव भारती को सम्मान दिया गया। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित सेवाओं के लिए ग्राम पंचायत कंडीधार के उपप्रधान महेंद्र सिंह चौहान को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पीएम श्री जीएमएसएस बंजार, ट्रिनिटी पब्लिक स्कूल, एमपीएस स्कूल बंजार, गुरुकुल इंटर बंजार, कान्हा डांस स्कूल बंजार, लिटिल फिट बंजार, राजकीय महाविद्यालय बंजार, सीडीपीओ बंजार की महिला शक्ति टीम तथा प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सभी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बंजार प्रशासन के सभी विभागध्यक्ष, कर्मचारीगण सहित नगर पंचायत बंजार के पदाधिकारी, बिभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सैननियों के परिजन, स्कूली बच्चे, स्थानीय लोग और अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में सफल आयोजन हेतु सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं आम जनता का आभार व्यक्त किया गया। उपमंडल स्तरीय यह गणतंत्र दिवस समारोह बंजार क्षेत्र में देशभक्ति, एकता और सामाजिक समरसता का सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *