कुल्लू जिला के आनी में मनरेगा के नाम व स्वरूप में बदलाव के विरोध में कांग्रेस ने जताया कडा एतराज, दी आंदोलन की चेतावनी

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
आनी, 29 जनवरी
कुल्लू जिला आनी उपमंडल के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में ब्लॉक कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) के नाम और स्वरूप में कथित बदलावों को लेकर कड़ा विरोध जताया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि योजना का नाम बदलकर “विकसित भारत जी राम जी” करने का प्रयास किया जा रहा है, जो योजना की मूल भावना के विपरीत है।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व एपीएमसी चेयरमैन एवं पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष यूपेन्द्र कांत मिश्रा ने की। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रही।
बैठक को संबोधित करते हुए यूपेन्द्र कांत मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2006 में तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार ने ग्रामीण गरीबों को रोजगार की गारंटी देने के उद्देश्य से यह कानून लागू किया था। उनके अनुसार मनरेगा योजना ने गांवों से हो रहे पलायन को रोकने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और गरीब परिवारों को आर्थिक सुरक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार योजना को “धीरे-धीरे कमजोर” करने की दिशा में कदम उठा रही है। मिश्रा ने कहा कि योजना के नाम और संरचना में बदलाव करना केवल औपचारिक परिवर्तन नहीं.बल्कि श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा तंत्र को प्रभावित करने वाला कदम है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी आनी और निरमंड क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन करेगी। इसके अतिरिक्त शिमला में भी बड़े स्तर पर विरोध दर्ज कराया जाएगा।
पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी परस राम ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मनरेगा देश के गरीब और मजदूर वर्ग के लिए एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा कवच है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजना से छेड़छाड़ ग्रामीण भारत की जीवनरेखा को कमजोर करने के समान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
बैठक में भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में जनजागरण अभियान और चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विजय ठाकुर, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा वर्मा, कुकी ठाकुर, गुड्डी देवी, एडवोकेट दलीप जोशी.किशोरी लाल,. ओम प्रकाश, रमेश ठाकुर,  चमन भारती सिंह तथा ओपी चौहान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मनरेगा से जुड़े किसी भी बदलाव का विरोध करते हुए मजदूरों के हित में संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं. बल्कि ग्रामीण भारत की आजीविका और सम्मान से जुड़ा कानून है, जिसे किसी भी सूरत में कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *